हरिद्वार: पूर्व सांसद के परिवार के खिलाफ जमीन की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, जानिए पूरा मामला

हरिद्वार I हरिद्वार में 28 लाख की रकम लेकर भूखंड का बैनामा न करने के आरोप में ज्वालापुर पुलिस ने पूर्व सांसद भगवानदास राठौर की बेटी, दामाद और दो बेटों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। 
कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में संदीप निवासी गांव बहादरपुर जट पथरी हाल निवासी हरिलोक कालोनी ज्वालापुर ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने इंद्रलोक कालोनी स्थित एक भूखंड का सौदा रंजना राठौर पत्नी मनोज सिंह निवासी शास्त्रीनगर हाल निवासी पिलग्रिन लॉ निकट ओल्ड इनकमटैक्स ऑफिस मल्लीताल नैनीताल से पचास लाख में तय किया था।

आरोप है कि वर्ष 2015 में बैनामा होने की बात तय हुई थी और इस बीच उसने करीब 28 लाख की रकम रंजना राठौर, उसके पति और भाई राजन राठौर, कंजन राठौर निवासीगण शास्त्री नगर को अदा कर दी थी। 
उन्होंने कहा कि बैनामे का वक्त आने के बाद भी रंजना राठौर बैनामा करने तहसील नहीं आई। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और पता चला कि उक्त भूखंड का पहले ही बैनामा उसने शायरा रिजवी पत्नी आईए रिजवी निवासी शिवालिक नगर और फैसल निवासी भेल से किया हुआ है।
कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि इस संबंध में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। भगवानदास राठौर हरिद्वार और खुर्जा से सांसद रह चुके हैं और वर्ष 2004 में बसपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे हैं। जबकि उनका बेटा राजन राठौर वर्ष 2012  में ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *