नई दिल्ली: पीएम नरेन्द्र मोदी अपनी मंत्रिपरिषद के साथ अपने दूसरे कार्यकाल के लिये राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह के दौरान पद और गोपनीयता की शपथ ली। पार्टी के वरिष्ठ सदस्य जैसे राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्तार अब्बास नकवी और प्रकाश जावड़ेकर के नाम मंत्रिमंडल में शामिल होने वालों में हैं।
इससे पहले पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने से पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सुबह श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करे। मोदी सुबह करीब सात बजे राजघाट पहुंचे और उन्होंने वहां राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और इसके बाद वह ‘सदैव अटल’ पुहंचे। यह दिवंगत प्रधानमंत्री वाजपेयी का स्मारक है।
मोदी 2.0 शपथ ग्रहण LIVE UPDATES:
कैबिनेट शपथ @8. 12 PM: हरदीप सिंह पुरी ने भी राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। पुरी मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्यमंत्री रह चुके हैं। इस बार उन्होंने अमृतसर से चुनाव लड़ा था लेकिन वो हार गए। पुरी फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं। इसके बाद गुजरात से सांसद चुने गए मनसुख मंडाविया ने भी राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मंडाविया मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रह चुके हैं।
शपथ समारोह @8. 10 PM: मध्य प्रदेश के दामोह से सांसद चुने गए प्रह्लाद पटेल ने भी राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। पटेल को उमा भारती का करीबी माना जाता है। प्रह्लाद पटेल वाजपेयी सरकार में कोयला मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। बिहार के आरा से सांसद और मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्यमंत्री रह चुके आरके सिंह ने भी राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
कैबिनेट शपथ समारोह @8. 05 PM: डा. जितेंद्र सिंह ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। जितेंद्र सिह जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर से सांसद हैं और मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वह प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री रहे हैं। जितेंद्र सिंह के बाद अरुणाचल से भाजपा सांसद रहे किरण रिजूजू ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। रिजिजू मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में गृह राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं।
मोदी 2.0 @8. 00 PM: आठ बार बरेली से सांसद चुने गए संतोष कुमार गंगवार को एक बार फिर केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली है। उन्हें राज्यमंत्री का जिम्मा सौंपा गया है। गंगवार के बाद गुरुग्राम से सांसद चुने गए राव इंद्रजीत ने भी राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में भी राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। श्रीपद यस्सो नाईक ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
मोदी 2.0 @7. 55 PM: पिछली सरकार में राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके गिरिराज सिंह को इस बार केंद्रीय मंत्री बनाया गया है। गिरिराज सिंह ने बेगूसराय से कन्हैया कुमार को हराया था। गिरिराज के बाद दूसरी बाद जोधपुर से सांसद चुने गए गजेंद्र सिंह शेखावत ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। शेखावत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को शिकस्त दी थी।
कैबिनेट शपथ समारोह @7. 50 PM: चंदौली से भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडे ने भी केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। महेंद्रनाथ पांडे पहले भी केंद्र सरकार में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पांडे के बाद शिवसेना के अरविंद सावंत ने भी केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। सावंत ने कांग्रेस नेता मुरली देवड़ा को शिकस्त दी थी।
शपथ समारोह @7. 46 PM: मुख्तार अब्बास नकवी ने भी केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। नकवी मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में अल्पसंख्यक मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नकवी के बाद कर्नाटक से सांसद चुने गए प्रह्लाद जोशी ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। जोशी कर्नाटक बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं।
शपथ समारोह @7. 40 PM: मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रेल, बिजली और कोयला मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल चुके पीयूष गोयल ने भी केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। पिछली सरकार में पीयूष गोयल ने अंतरिम बजट पेश किया था। पीयूष गोयल के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने शपथ ली।
कैबिनेट शपथ समारोह @7. 37 PM: चांदनी चौक से कांग्रेस के जेपी अग्रवाल को हराकर लगातार दूसरी बार संसद पहुंचे डॉ. हर्षवर्धन ने भी केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। डॉ. हर्षवर्धन के बाद भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रकाश जावडेकर ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली।
मोदी कैबिनेट शपथ समारोह @7. 34 PM: आदिवासी नेता के रूप में अपनी राजनीति की शुरूआत करने वाले झारखंड के खूंटी से सांसद चुने गए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। मुंडा के बाद राहुल गांधी को हराकर संसद पहुंची स्मृति ईरानी ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली।

