पिथौरागढ़: नंदा देवी चाेटी फतह करने गए दल के आठ सदस्यों के लापता होने के मामले में बड़ी खबर सामने आ रही है। सोमवार सुबह रेस्क्यू अभियान पर हेलिकॉप्टर से निकले वायु सेना के जवानों को पांच शव और कुछ इक्यूपमेंट्स दिखाई दिए हैं। डीएम वीके जोगडंडे ने इस बात की पुष्टि की है। नंदा देवी ईस्ट में बीते दिनों आए एवलांच में ब्रिटिश, अमेरिकन और ऑस्ट्रेलिया के सात और एक भारतीय लाइजनर आॅफिसर लापता हैं।
हिमालयन रन एंड ट्रैक प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली द्वारा संचालित नंदा देवी ईस्ट अभियान दस मई को नई दिल्ली से रवाना हुआ। इस दल में 12 सदस्य शामिल थे। जिसमें तीन यूके, तीन यूएसए, एक आस्ट्रेलिया का पर्वतारोही, एक भारतीय लाइजन ऑफिसर और चार पोर्टर शामिल थे। मुनस्यारी से भी 16 पोर्टर्स और मजदूर दल का सामान पहुंचाने बेस कैंप तक गए थे। दल 13 मई को मुनस्यारी से नंदा देवी बेस कैंप को रवाना हुआ। 31 मई की शाम साढ़े पांच बजे अभियान प्रायोजित कर रही नई दिल्ली की संस्था ने जिला प्रशासन को विदेशी पर्वतारोहियों और भारतीय लाइजनर ऑफिसर के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएम डॉ. वीके जोगदंडे ने आइटीबीपी, एसडीआरएफ आदि से सम्पर्क कर खोज एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

