अयोध्या में 7 जून को भगवान राम की काष्ठ प्रतिमा का अनावरण करेंगे योगी आदित्यनाथ

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जून को अयोध्या जा रहे हैं वहां वह भगवान राम की काष्ठ प्रतिमा का अनावरण करेंगे। योगी सरकार ने अयोध्या में भगवान राम की 221 मीटर ऊंची प्रतिमा लगाने का ऐलान किया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की दोपहर योगी अयोध्या पहुंचकर नृत्य गोपाल दास के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अयोध्या शोध संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
अनावरण करने के लिए लाई गई भगवान राम की प्रतिमा कर्नाटक हैंडीक्राफ्ट से 35 लाख रुपए में खरीदी गई है, ये मूर्ति कर्नाटक शैली में बनी है। यह प्रतिमा टीकवुड की बनी काष्ठ कला की दुर्लभ कृतियों में से एक है जिसे 2017 में राष्ट्रपति की ओर से पुरस्कृत भी किया जा चुका है।
लकड़ी से बनी है यह प्रतिमा अयोध्या शोध संस्थान के शिल्प संग्रहालय में स्थापित की जाएगी, मुख्यमंत्री स्मृति के अनावरण के साथ मूर्ति बनाने वाले एमएम मूर्ति को भी सम्मानित करेंगे।
गौरतलब है कि नबंवर 2018 में उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या में बनने जा रही भगवान राम की प्रतिमा की योजना का लखनऊ में अनावरण किया था।
भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्यानगरी में लगने जा रही इस भव्य प्रतिमा की कुल ऊंचाई 221 मीटर होगी। एक आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार हिंदूओं की आस्था के प्रतीक भगवान राम की मूर्ति 151 मीटर ऊंची होगी।
यह मूर्ति 50 मीटर ऊंचे चबूतरे पर लगाई जाएगी इसमें राम कथा का म्यूजियम, लाइब्रेरी, राम जन्मभूमि मंदिर का इतिहास दर्शाने वाली सामग्री व देश विदेश की राम लीलाओं से जुड़े दुर्लभ चित्र लगाए जाएंगे।
इसके अलावा प्रतिमा के सिर के ऊपर एक विशाल छत्र भी होगा जो 20 मीटर ऊंचा होगा। इस तरह से स्टैच्यू की कुल ऊंचाई 221 मीटर होगी भगवान राम का यह स्टैच्यू कांसे से बना होगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने आधिकारिक अकाउंट से ट्वीट करके भी इस बारे में जानकारी दी थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *