पाकिस्तान ने PoK में बंद किए आतंकी शिविर? आर्मी चीफ बोले- हम जारी रखेंगे सीमाओं पर कड़ी निगरानी

नई दिल्ली: बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद से ही पाकिस्तान यह दावा कर रहा है कि पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में सारे आतंकी कैंप बंद करा दिए गए हैं लेकिन हकीकत कुछ और है। आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने पाकिस्तान के दावों को धोखा करार देते हुए कहा, ‘आतंकी शिविरों को पाकिस्तान ने बंद किया है नहीं इसके कोई प्रमाण नहीं हैं। हम अपनी सीमाओं पर अपनी कड़ी निगरानी रखना जारी रखेंगे।’
जनरल  रावत ने कहा, ‘हम जमीन पर परिणाम देखने के लिए इंतजार करेंगे। यदि हमारे क्षेत्र में घुसपैठ में बड़ी गिरावट आती है, और आतंकवादियों को भौतिक तथा वित्तीय सहायता पर रोक लगती है तो तभी दावों पर मोहर लगेगी।’ दरअसल पाकिस्तान पहले भी कई मौकों पर कह चुका है कि उसके वहां कोई आतंकी शिविर नहीं हैं लेकिन उसके बाद सीमापार से लगातार घुसपैठ हुई हैं और कई पाकिस्तानी आतंकियों को सुरक्षाबलों ने ढेर किया है।
सोमवार को कश्मीरी छात्रों के एक समूह को संबोधित करते हुए जनरल रावत ने कहा कि कश्मीर में शांतिपूर्ण माहौल बनाने की दिशा में योगदान करें और गलत गतिविधियों से दूर रहें। राष्ट्रीय एकता यात्रा पर अपने चार शिक्षकों के साथ रामबन, रियासी, राजौरी और बारामुला जिलों से आए 140 छात्रों के एक समूह से मुखातिब जनरल रावत ने जम्मू-कश्मीर के इन इलाकों में अपनी तैनाती के दौरान के अनुभव साझा किए और उन्हें प्रेरित किया कि वे कड़ी मेहनत करें और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय तौर पर योगदान दें।
थलसेनाध्यक्ष ने कहा, ‘जब (कश्मीर में) हालात बिगड़ते हैं तो स्कूलों को बंद करना पड़ता है, काम बाधित होता है और विकास कार्य प्रभावित होते हैं। हम शांतिपूर्ण माहौल की उम्मीद करते हैं….आपकी सरजमीं जन्नत है, आपको सब कुछ मिला है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *