बर्मिंघम: भारतीय क्रिकेट टीम की रविवार को मेजबान इंग्लैंड से बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर होगी। इंग्लैंड की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं इस मैच पर निर्भर करेंगी। इसके अलावा मेन इन ब्लू के रूप में दुनियाभर में जानी जाने वाली टीम इंडिया पहली बार एक नई जर्सी के साथ मैदान में उतरेगी। जिसका विराट ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अनावरण भी किया। हालांकि इस जर्सी को लेकर भारत में विवाद भी हो रहा है। राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी पर क्रिकेट के भगवाकरण का आरोप लगा रहे हैं।
ऐसे में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से जब इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले की पूर्व संध्या पर नई जर्सी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे स्मार्ट बताया। विराट ने कहा, मुझे ये जर्सी पसंद आई। इसे दस में से आठ अंक दूंगा। मैं ये बात ऐसे ही नहीं कह रहा हूं मुझे जर्सी में मौजूद रंगों को कॉन्ट्रास्ट बहुत पसंद आया।’
विराट ने इस बारे में आगे कहा, मुझे ये बहुत पसंद आई। इसकी फिटिंग बहुत अच्छी है। एक मैच ये लिए ये अच्छा बदलाव है।’उन्होंने इस जर्सी को नियमित जर्सी बनाने के बारे में कहा, मुझे नहीं लगता कि हम पूरी तरह इस जर्सी को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ब्लू हमेशा से हमारा रंग रहा है जिसे पहनकर खेलने पर हमें गर्व होता है। हां लेकिन बदलाव के लिए और मौके की नजाकत को देखते हुए ये एक स्मार्ट किट है।

