World Cup 2019 Semi-Final LIVE Score: आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 का पहला सेमीफाइनल मैच खेला जा रहा है। ये मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम पर खेला जा रहा है। टीम इंडिया की कमान विराट कोहली के हाथों में है जबकि न्यूजीलैंड की अगुवाई केन विलियम्सन कर रहे हैं। ओल्ड ट्रैफर्ड में बारिश के हालात नहीं हैं लेकिन कंडीशन ओवरकास्ट है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।खबर लिखे जाने तक न्यूजीलैंड ने 6 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 8 रन बना लिए हैं। हेनरी निकोलस (14 गेंद पर 3*) और केन विलियम्सन (8 गेंद पर 4*) क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। न्यूजीलैंड ने टिम साउदी की जगह लॉकी फॉर्ग्युसन को अंतिम एकादश में शामिल किया है। फॉर्ग्युसन को चोटिल होने की वजह से पिछले मैच में आराम दिया गया था। वहीं, भारत ने भी अपन टीम में एक बदलाव किया है। भारत ने कुलदीप यादव के स्थान पर युजवेंद्र चहल को मौका दिया है।
दोनों टीमों के बीच निर्धारित ग्रुप स्टेज का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था और अब इत्तेफाक से ये दोनों टीमें फिर आमने-सामने आ गई और आखिरकार इनकी भिड़ंत देखने को मिलेगी। दोनों टीमें जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरी हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच प्रतिद्वंद्विता हमेशा ही कांटे की रही है। दोनों टीमों में एक से एक धाकड़ खिलाड़ी मौजूद हैं और दोनों ही टीमें अपनी पूरी जान झोंकने के लिए तैयार हैं। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में सिर्फ एक हार (इंग्लैंड के खिलाफ) का सामना किया और वे अंक तालिका में शीर्ष पर रहे जबकि न्यूजीलैंड की टीम 9 में से कुल 5 मैच जीतने में सफल रही, उसे 3 मैचों में हार मिली और एक मैच बारिश के कारण रद्द रहा, जिसके बाद वे अंक तालिका में चौथे स्थान पर रहे और किस्मत व बेहतर नेट रन रेट के भरोसे पाकिस्तान को बाहर का रास्ता दिखाते हुए सेमीफाइनल तक पहुंचे।

