कर्नाटक राजनीतिक संकट अपडेट्स: बागी विधायकों ने जान का बताया खतरा, सरकार बचाने की कवायद जारी

नई दिल्ली: कर्नाटक में सरकार बचाने की कवायद में कांग्रेस और जेडीएस जुटे हुए हैं। कुमारस्वामी सरकार का दावा है कि सरकार को किसी तरह का खतरा नहीं है। इन सबके बीच मुंबई में ठहरे हुए कांग्रेस के बागी विधायकों ने डी के शिवकुमार से अपनी जान का खतरा बताया है। बागी विधायकों की मांग पर उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 

मुंबई के जिस होटल रैनिसेंस में बागी विधायक रुके हुए हैं उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एडिश्नल पुलिस कमिश्नर ने होटल की सुरक्षा का जायजा लिया।बागी विधायकों की मांग पर महाराष्ट्र स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स और रॉयट कंट्रोल पुलिस ने होटल रैनिसेंस की घेरेबंदी की है। बागी विधायकों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली है कि सीएम एच डी कुमारस्वामी और डी के शिवकुमार होटल में तोड़फोड़ करने आ रहे हैं। इस तरह की जानकारी के बाद वो लोग डरे हुए हैं। 

कर्नाटक राजनीतिक संकट अपडेट्स
कांग्रेस के बागी विधायकों से मिलने के लिए डी के शिवकुमार मुंबई पहुंच चुके हैं। उनके साथ जेडीएस एमएलए शिवालिंगा गौड़ा भी हैं। डी के शिवकुमार ने कहा कि भले ही होटल के बाहर महाराष्ट्र पुलिस के जवान तैनात हों वो अपने दोस्तों से मिलने के लिए आए हैं। हम लोगों का जन्म राजनीति में एक साथ हुआ और एक साथ ही हम राजनीति में मरेंगे। वो लोग कांग्रेस के सदस्य हैं और हम उनसे मिलने के लिए आए हैं। 

जेडीएस के विधायक एन गौड़ा का कहना है कि वो गठबंधन सरकार से खुश नहीं हैं। कांग्रेस और जेडीएस के बीच एका नहीं है। कांग्रेस की तरफ से लगातार सरकार को सही ढंग से नहीं चलने दिया गया। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि एच डी कुमारस्वामी अपने तरीके से काम करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *