कर्नाटक: असेंबली में नंबर गेम पर BJP आश्वस्त!

बेंगलुरु कर्नाटक में जारी सियासी संकट के बीच प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा और पार्टी के विधायक बुधवार को आने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त दिख रहे हैं। मंगलवार को बीजेपी विधायकों के साथ बीएस येदियुरप्पा क्रिकेट खेलते और भजन गाते नजर आए। पार्टी के आईटी सेल द्वारा साझा की गई तस्वीर में पार्टी के प्रदेश प्रमुख बल्लेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। 

बता दें कि शहर के बाहरी इलाके में येलाहंका के निकट एक रिजॉर्ट में पार्टी विधायकों को ठहराया गया है। मंगलवार को यहां येदियुरप्पा उनके साथ क्रिकेट खेलते नजर आए। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर में पूर्व सीएम रेणुकाचार्य और एसआर विश्वनाथ तथा अन्य विधायकों के साथ क्रिकेट खेलते दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में उन्हें बल्लेबाजी करते देखा जा सकता है।

वहीं एक अन्य विडियो में कर्नाटक बीजेपी प्रमुख येदियुरप्पा विधायकों के साथ भजन गाते भी नजर आ रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस-जेडीएस के बागी विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा अपने इस्तीफे स्वीकार किए जाने में देरी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। मंगलवार को कोर्ट में संबंधित पक्षों ने अपनी-अपनी दलीलें रखीं और कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। सुप्रीम कोर्ट अब बुधवार को सुबह 10:30 बजे इस मामले में फैसला सुनाएगा। 

बता दें कि बागी विधायकों ने सुप्रीम कोर्ट में उनकी याचिका पर जल्‍द सुनवाई की मांग की थी। ये बागी विधायक मुंबई के एक होटल में रुके हुए हैं। इस बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया ने सोमवार को ऐलान किया कि 18 जुलाई को विधानसभा में विश्‍वासमत पर चर्चा होगी। सिद्धारमैया ने बताया कि सीएम एचडी कुमारस्‍वामी ने विधानसभा के अंदर विश्‍वास प्रस्‍ताव रखा और 18 जुलाई को इस पर चर्चा होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *