दिल्लीवासियों को CM केजरीवाल का बड़ा तोहफा, 200 यूनिट तक फ्री में मिलेगी बिजली

नई दिल्ली:  आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया है। 200 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले परिवारों को अब बिजली का बिल नहीं देना पड़ेगा। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि यह नियम आज से लागू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे दिल्ली में 32 से 33 लाख घरों को फायदा होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां एक तरफ सभी राज्य सरकारें बिजली के दामों में बढ़ोत्तरी कर रही हैं वहीं दिल्ली में लगातार पांचवे साल भी बिजली सस्ती हुई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि 200 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल कर रहे दिल्ली के उपभोक्ताओं को बिल के रूप में कोई भुगतान नहीं करना होगा। उन्होंने बताया कि 201 से 401 यूनिट तक बिजली के इस्तेमाल पर भी सरकार 50 प्रतिशत सब्सिडी देती रहेगी।

क्या है नया ऐलान

यदि आप 0 से लेकर 200 यूनिट तक बिजली का इस्तेमाल करते हैं तो आपका बिजली का बिल माफ होगा। यदि 201 से लेकर 400 यूनिट तक बिजली का प्रयोग करते हैं तो आपको 4.50 रुपये यूनिट की दर से चार्ज देना होगा यानि इसमें भी 50 प्रतिशत की सब्सिडी मिलती रहेगी जो पहले भी मिलती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देश का पहला ऐसा राज्य है जहां पिछले पांच वर्षों के दौरान कोई भी बिजली दर में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान पावर कट भी कम हुए हैं।

मीटर का किराया भी कम
नयी दरों के मुताबिक दो किलोवाट के मीटर का किराया 125 रुपये से घटाकर 20 रुपये, दो किलोवाट से पांच किलोवाट का 140 रुपये से 50 रुपये और पांच किलोवाट से 15 किलोवाट के मीटर का किराया 175 रुपये से कम करके 100 रुपये कर दिया गया है। 1,200 यूनिट प्रतिमाह से अधिक व्यय करने वालों के लिए बिजली की दर मौजूदा पौने आठ रुपये के बढ़ाकर आठ रुपये प्रति यूनिट कर दी गयी है।

केजरीवाल ने किया था ट्वीट
गुरुवार को ही केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा था, ‘बधाई दिल्ली, लगातार पांचवे साल बिजली की दरों में कोई बढ़ोत्तरी नहीं, बल्कि लगातार पांचवे साल बिजली की दरों में कटौती की गयी है। देश में अब सबसे कम बिजली दरें दिल्ली में हैं। साथ में यहां हफ्ते के सातों दिन 24 घंटे बिजली आपूर्ति भी है।’ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *