जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 पर बड़े फैसले के बाद बाबा रामदेव ने किया ट्वीट, पढ़िए क्या लिखा

देहरादून I जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 पर सरकार के बड़े फैसले के बाद बाबा रामदेव ने भी ट्वीट कर मोदी सरकार को इसके लिए बधाई दी। उन्होंने ट्वीट में एक कविता के कुछ अंश लिखकर व भारत के गजट की प्रति को शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की। 

वहीं, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्र सरकार के जम्मू कश्मीर पर लिए गए ऐतिहासिक निर्णय पर उत्तराखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी है। सचिवालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने से जम्मू कश्मीर में विकास को बढ़ावा मिलेगा और वहां के लोग देश की मुख्य धारा में शामिल हो सकेंगे। 


प्रधानमंत्री ने अपने वायदे को निभाया है। उन्होंने कहा कि आज जम्मू कश्मीर का पुनर्जन्म हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 का प्रभाव खत्म करने का साहस दिखाया है। अब जम्मू कश्मीर व लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश होंगे। इससे वहां विकास के नये आयाम स्थापित होंगे। सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस फैसले के दूरगामी परिणाम होंगे।
 
देश के अन्य राज्यों के लोगों का कश्मीर से बेहतर तालमेल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर के लिए हमारे सैनिकों ने बड़ा बलिदान दिया है। आज पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी का सपना भी साकार हुआ है। आज वास्तव में देश एक हुआ है। इससे एक देश, एक विधान, एक निशान की अवधारणा को भी बल मिला है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *