इस्लामाबाद : जम्मू-कश्मीर पर भारत सरकार के फैसले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को डर सताने लगा है। इमरान को आशंका है कि कश्मीर के बाद भारत बालाकोट से बड़ा एक्शन लेगा और उसकी अगली कार्रवाई पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर (पीओके) में होगी। इमरान ने ये बातें पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कहीं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लोगों की दशा देखकर वह ‘दुखी’ हैं और मुश्किल घड़ी में उनका देश ‘कश्मीरी भाइयों’ के साथ खड़ा होगा।
इमरान ने जम्मू-कश्मीर पर भारत सरकार के फैसले के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘हम कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय न्यायालय और प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाएंगे।’ इमरान खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबक सिखाने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा, ‘मैं मोदी को बताना चाहता हूं कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने ‘का कोई असर कश्मीर की जनता पर नहीं होगा। कश्मीरी इसका विरोध करेंगे। आप उन्हें गुलाम नहीं बना सकते।’
इमरान ने कहा, ‘नेहरू ने कश्मीर के लोगों के साथ जो वादा किया था, यह उनके साथ धोखा है। कश्मीर में मानवाधिकारों, अंतरराष्ट्रीय करारों एवं शिमला समझौते का उल्लंघन हो रहा है। यह सब नाजी जैसी विचारधारा का नतीजा है।’ पाकिस्तान के पीएम ने कहा कि कश्मीर से 370 हटाकर मोदी सरकार ने बहुत बड़ी गलती की है। उन्होंने कहा, ‘आज पूरी की नजर कश्मीर पर है। मैं कश्मीर की आवाज पूरे विश्व में उठाऊंगा।’
इमरान ने कहा, ‘भारत समर्थक कश्मीरी नेता आज द्विराष्ट्र के सिद्धांत को सही ठहरा रहे हैं। हमारी सेना करीब 20 वर्षों से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए काफी अनुभवी हो चुकी है। हमारे लोग आजादी की सुरक्षा के लिए तैयार हैं। यहां से चीजें किधर जा सकती हैं इस पर हमारी नजर है। पाकिस्तान पूरी तरह तैयार है। कश्मीर मसले पर हमारी सेना और हमारे लोग एक साथ हैं। हमने तय किया है कि हम कोई उल्लंघन बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसका जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।’

