उत्‍तराखंड: बाढ़ प्रभ‍ावित इलाकों के लिए राहत सामग्री लेकर जा रहा हेलीकॉप्‍टर दुर्घटनाग्रस्‍त, सभी 3 की मौत

देहरादून : उत्‍तराखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री ले जा रहा एक हेलीकॉप्‍टर हादसे का शिकार हो गया है। यह दुर्घटना उत्‍तरकाशी जिले में हुई, जिसमें हेलीकॉप्‍टर सवार सभी तीन लोगों की जान चली गई। प्रदेश के मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मृतकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। हेलीकॉप्‍टर उत्‍तरकाशी जिले के मोरी ब्‍लॉक से मोल्‍दी की ओर जा रहा था, जब यह हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में हेलीकॉप्‍टर सवार सभी तीन लोगों- कैप्‍टन लाल, सह पायलट शैलेश और एक स्‍थानीय नागरिक राजपाल की जान चली गई।

उत्‍तराखंड में पिछले कुछ दिनों में बादल फटने और भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। प्रदेश का उत्‍तरकाशी जिला भी बाढ़ के कारण बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जहां राहत कार्यों के लिए तीन हेलीकॉप्‍टर लगाए गए थे। इनकी मदद से प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भेजी जा रही थी। लोगों तक पीने के पानी और भोजन के पैकेट्स हेलीकॉप्‍टर से पहुंचाए जा रहे थे। लेकिन राहत कार्यों में जुटा एक हेलीकॉप्‍टर बुधवार को उत्‍तरकाशी जिले में दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया। 

यहां उल्‍लेखनीय है कि उत्‍तराखंड के कई हिस्‍सों में बाढ़ के कारण तबाही मची हुई है। प्रदेश के कई जिले भीषण बाढ़ और भूस्‍खलन की चपेट में हैं, जिसके कारण यहां जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। उत्‍तरकाशी जिले के मोरी ब्‍लॉक में बाढ़ व भूस्‍खलन की विभिन्‍न घटनाओं में अब तक 16 लोगों की जान जा चुकी है। मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को यहां का दौरा भी किया था और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया था। उन्‍होंने मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये सहायता राशि की घोषणा भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *