उद्धव ठाकरे का एक और मंत्री कोरोना की चपेट में, अशोक चव्हाण हुए संक्रमित

नई दिल्ली: महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार का एक और मंत्री कोरोना वायरस की चपेट में आ गया है। महाराष्ट्र के पीडब्ल्यूडी मंत्री अशोक चव्हाण कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। गृह नगर नांदेड़ में उनका इलाज हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण अक्सर मुंबई और मराठवाड़ा के बीच लगातार यात्रा करते रहे। इससे पहले, एनसीपी नेता और आवास मंत्री जितेंद्र अव्हाण कोरोनो वायरस से संक्रमित हो गए थे। वह दो सप्ताह से अधिक समय तक मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद ठीक हो गए।

रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि महामारी कोरोनो वायरस के खिलाफ लड़ाई अब और कठिन होने वाली है क्योंकि राज्य में कोविड 19 के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि इस वायरस के प्रकोप से किसी भी उभरती स्थिति से निपटने के लिए सरकार अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ तैयार है। ठाकरे ने कहा, ‘हम अपनी स्वास्थ्य सेवा क्षमता में इजाफा कर रहे हैं। अस्पतालों की स्थापना की जा रही है, आईसीयू बेड बढ़ाए जा रहे हैं और साथ में हमारे पास 7,000 बिस्तर हैं। अगले महीने तक हमारे पास 14,000 बिस्तर होंगे। हमने देखा है कि वेंटिलेटर से अधिक रोगियों को ऑक्सीजन समर्थन की आवश्यकता थी। इसलिए हम अस्पतालों में ऑक्सीजन की सुविधा के साथ बेड बढ़ा रहे हैं।’

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले 50,000 के पार
महाराष्ट्र में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 50,231 हो गए हैं और इस महामारी से मरने वाले लोगों का आंकड़ा 1,635 पहुंच गया है। संक्रमण मुक्त हुए 14,600 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। 33,988 सक्रिय केस हैं। राज्य में अब तक कुल 3,48,026 नमूनों की जांच हुई है। सर्वाधिक प्रभावित मुंबई महानगर क्षेत्र (मुंबई और उपनगरीय इलाकों) में संक्रमण के कुल 36,173 मामले सामने आए हैं, जबकि 1,069 लोगों की मौत हुई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *