26 अगस्त को PM मोदी से मिलेंगे ट्रंप, कश्मीर-आतंकवाद पर हो सकती है बात

नई दिल्ली I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 26 अगस्त को पेरिस में मुलाकात होगी. फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी और ट्रंप मिलेंगे. इस द्विपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि हम कश्मीर का मुद्दा उठाएंगे और मध्यस्थता करने के अपने प्रस्ताव को रखेंगे.

फ्रांस की राजधानी पेरिस में जी-7 की बैठक से इतर दोनों नेताओं की मुलाकात होगी. फ्रांस के राष्ट्रपति इम्मानुएल मैक्रों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है.

‘इंडिया टुडे’ को अति विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता करने के बयान के बाद दोनों नेताओं की बैठक पेरिस में आयोजित हो रही है. ट्रंप ने कहा, ‘प्रधानमंत्री इमरान खान कुछ दिन पहले यहां (अमेरिका) आए थे और फ्रांस में मैं पीएम मोदी के साथ रहूंगा. दोनों (भारत-पाक) देशों के बीच कई मुश्किलें हैं, इसलिए मध्यस्थता करने या कुछ अच्छा करने के लिए जितना बन सकेगा, मैं करूंगा.’

हालांकि भारत अपनी बात दोहरा चुका है कि अनुच्छेद 370 हटाना भारत का आंतरिक मामला है और कश्मीर पर विवाद दि्वपक्षीय मसला है, इसलिए दोनों देश मिलकर ही इससे निपटेंगे. उधर ट्रंप के बार बार मध्यस्थता की बात करने के बावजूद अमेरिकी प्रशासन कहता रहा है कि कश्मीर मुद्दा आंतरिक और दि्वपक्षीय है लेकिन साथ ही कश्मीर से जुड़ी स्थिति पर अपनी चिंता जाहिर करता रहा है. अब देखने वाली बात होगी कि पेरिस में दोनों नेताओं की बैठक में क्या बात निकल कर सामने आती है.

अभी हाल में ट्रंप ने पीएम मोदी और इमरान खान से बात की थी. उन्होंने दोनों नेताओं को मिलकर काम करने का आग्रह किया. उन्होंने पाकिस्तान को कश्मीर मुद्दे पर भारत पर उदारवादी बयान देने की भी सलाह दी. ट्रंप ने सोमवार को एक ट्वीट में कहा कि कश्मीर एक मुश्किल मुद्दा है. उन्होंने कहा कि उनकी दोनों नेताओं के साथ अच्छी बातचीत हुई.

उन्होंने ट्वीट किया, “अपने दो अच्छे दोस्तों -भारत के प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री खान- से व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और भारत और पाकिस्तान के लिए सबसे जरूरी कश्मीर मुद्दे पर तनाव कम करने पर बात की. एक मुश्किल मुद्दा, लेकिन अच्छी बात हुई.” ट्रंप ने सोमवार को पहले मोदी से लगभग 30 मिनट बात की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *