रुड़की I उत्तराखंड के रुड़की में एक प्रेमी-प्रेमिका के साथ जो हुआ उसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। कहते हैं कि शादी, ब्याह सब संजोग का खेल है। जिस युवती को महिला बच्चा चोर बताकर पिटवाया, बाद में वही उसके घर की बहू बन गई।
रविवार देर रात उसके बेटे और युवती का निकाह हो गया। दरअसल, युवती अपने प्रेमी के बुलाने पर ही उसके घर पहुंची थी, जिसे प्रेमी की मां ने बच्चा चोर होने का शोर मचाकर पिटवाया था।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को भीड़ से बचाया। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उसका मंगलौर के ही एक युवक से रिश्ता हुआ था। बाद में युवक के परिजनों ने यह रिश्ता तोड़ दिया। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत लगातार हो रही थी।
रविवार को युवक ने उसे निकाह के लिए बुलाया था, जिस पर वह अपने गांव से यहां पहुंची थी। बताया कि युवक के घर पहुंचने पर उसकी मां ने युवती को पहले मारा-पीटा और बाद में बच्चा चोर होने का शोर मचा दिया, जिसके बाद लोगों ने पिटाई कर दी।
मामले का खुलासा होने पर दोनों पक्षों के लोग देर रात तक पुलिस चौकी में जमे रहे। बाद में दोनों का निकाह करा देने पर सहमति बनी। रात करीब 11 बजे मोहल्ला किला स्थित बड़े मदरसे में दोनों का निकाह करा दिया गया। यह घटना पूरे मंगलौर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

