ICC टेस्ट रैंकिंग: स्टीव स्मिथ ने विराट कोहली को पछाड़ा, बने नंबर वन टेस्ट बैट्समैन

दुबई: भारतीय कप्तान विराट कोहली को आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पछाड़कर आस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ नंबर एक पायदान पर काबिज हो गए हैं जबकि गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं ।जमैका टेस्ट में पहली गेंद पर आउट हुए कोहली दूसरी पायदान पर खिसक गए जबकि स्मिथ इंग्लैंड के खिलाफ पहले एशेज टेस्ट में दो शतक और दूसरे मैच में 92 रन बनाकर शीर्ष पर पहुंच गए । 
अजिंक्य रहाणे चार पायदान चढकर सातवें स्थान पर पहुंच गए । उन्होंने एंटीगा में अर्धशतक और शतक जमाया था । हनुमा विहारी 40 पायदान की छलांग लगाकर 30वें स्थान पर पहुंच गए हैं । कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मिली जीत के बाद महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़कर भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन गए लेकिन बल्ले के जौहर नहीं दिखा सके ।इस साल तीन टेस्ट में वह एक भी शतक नहीं बना सके हैं । वहीं स्मिथ ने एक अंक की बढत बना ली है और चौथे एशेज टेस्ट में अच्छा खेलकर वह इसे और बढा सकते हैं ।
स्मिथ दिसंबर 2015 से शीर्ष पर थे लेकिन गेंद से छेड़खानी मामले में एक साल का प्रतिबंध झेलने के बाद अगस्त 2018 के बाद से वह इससे हट गए । कोहली अब दो अक्टूबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही टेस्ट श्रृंखला में ही स्मिथ को चुनौती दे सकेंगे । गेंदबाजों की रैंकिंग में बुमराह कैरियर के सर्वश्रेष्ठ 835 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *