NASA ने भी माना इसरो का लोहा, कहा- हमारे लिए प्रेरणादायक है आपकी यात्रा, भविष्य में साथ काम करने की जताई इच्छा

नई दिल्ली: भारत का चंद्रयान भले ही चांद पर लैंडिंग ना कर सका हो लेकिन दुनियाभर में इसकी चर्चा के साथ-साथ तारीफ भी हो रही है। अमेरिका हो या पड़ोसी देश, सबने इसरो के इस अभियान की तारीफ की है। अमेरिका की प्रसिद्ध स्पेस एजेंसी नासा ने ट्वीट कर ना केवल इसरो की तारीफ की है बल्कि इस यात्रा को खुद के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में सौरमंडल के क्षेत्र में साथ काम करने की इच्छा जताई है।
नासा ने इसरो के एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा, ‘अंतरिक्ष पर शोध एक कठिन क्षेत्र है। हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उनके (इसरो) चंद्रयान 2 मिशन को उतारने के प्रयास की सराहना करते हैं। अपनी यात्रा से आपने हमें प्रेरित किया है और हमें उम्मीद है कि भविष्य में हम सौर मंडल पर मिलकर काम करेंगे।
दुनियाभर से भारत को बधाई संदेश मिल रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई अंतरिक्ष एजेंसी ने इसरो की तारीफ करते हुए कहा, ‘विक्रम लैंडर चंद्रमा के अपने मिशन को साकार करने से सिर्फ कुछ किलोमीटर की दूरी पर था।  हम इसरो की टीम के प्रयासों और अंतरिक्ष में अपनी यात्रा जारी रखने की प्रतिबद्धता की सराहना करते हैं।’
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की स्पेस एजेंसी ने भी भारत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, ‘हम स्पेसक्राफ्ट,  चंद्रयान 2 जिसे चंद्रमा पर उतरना था, उसके साथ इसरो का संपर्क टूटने के बाद इसरो को अपना पूरा समर्थन देने का आश्वासन देते हैं। भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक रणनीतिक खिलाड़ी साबित हुआ और इसके विकास और उपलब्धियों में भागीदार है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *