छात्रसंघ चुनाव 2019: एमकेपी में दो साल बाद एबीवीपी का परचम, डीबीएस में भी बजा डंका

देहरादून I उत्तराखंड के 121 महाविद्यालयों में से 113 में आज छात्र संघ चुनाव हुए। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर दो बजे के बाद तक जारी रहा। इसके बाद गणना शुरू हो गई। 

चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई। प्रदेश में 104 सरकारी एवं 17 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालय हैं। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। वहीं छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें।

दोपहर दो बजे देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में मतदान अंतिम चरण में पहुंचा और ढाई बजे संपन्न हो गया। डीएवी में कुल 3898 वोट पड़े। इस बार डीएवी में मतदान प्रतिशत कम रहा। डीबीएस में भी मतदान गिरा है। दो दिन पहले हुए झगड़े का असर माना जा रहा है। वहीं श्रीदेवसुमन विवि में सभी पदों पर एबीवीपी का परचम लहराया। वहीं एमकेपी कॉलेज में भी सभी पदों पर एबीवीपी ने जीत दर्ज की। मनीषा राणा अध्यक्ष, अंकिता जगूड़ी महासचिव पद पर जीतीं। डीबीएस कॉलेज में भी सभी पदों पर एबीवीपी का जलवा दिखा। 

डीएवी कॉलेज में दूसरे राउंड की गिनती पूरी हो गई है। निखिल को दूसरे राउंड में 356, सागर को 215 और हिमांशु को 262 वोट पड़े। दोनों राउंड में निखिल शर्मा 886, सागर तोमर 528, हिमांशु रावत 582 वोट पड़े। निर्दलीय निखिल 304 वोट से बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।

मसूरी के एमपीजी कॉलेज कॉलेज में एनएसयूआई के प्रत्याशी प्रिंस पंवार ने एबीवीपी के प्रत्याशी सुमित भंडारी को 3 वोटों से पराजित कर जीत हासिल की। एसजीआरआर पीजी कॉलेज में भी दो बजे मतदान खत्म हो गया। यहां कुल 1080 वोट पड़े। यहां अध्यक्ष पद पर सक्षम ग्रुप के शुभम बंसल जीते। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के ओशिन कुनवाल व महासचिव पद पर सक्षम ग्रुप के विश्वनाथ रमन बुडाकोटी जीते। सह सचिव पद पर एनएसयूआई के मोहम्मद अजहर सैफी व कोषाध्यक्ष पर एनएसयूआई की मेघा भट्ट जीतीं। यहां अभाविप का सूपड़ा साफ हो गया। एमकेपी में 917 वोट पड़े। कई साल के बाद यहां पोलिंग बढ़ी। रायपुर डिग्री कॉलेज में 994 में से 561 ने ही वोट डाला।

हरिद्वार के चिन्मय डिग्री कॉलेज में दोपहर दो बजे चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें अमन कुशवाहा अध्यक्ष चुने गए।  महिला विद्यालय में मतदान जारी रहा। कॉलेज प्रबंधन ने चुनाव को देखते हुए पुख्ता इंतजाम किए। वहीं इस बार गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय और एसएमजेएन पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव कैंसिल किए गए हैं। लोहाघाट पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव का सपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया।

यहां एबीवीपी के सभी निर्वाचित पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए हैं। हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली जा रही रैली को रोकने के दौरान कार्यकर्ताओं व पुलिस में तीखी झड़प हो गई। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्र संघ के चुनाव में 35 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 9047 में से केवल 3194 वोट पड़े।

अल्मोड़ा के एसएसजे परिसर मे 54.67 की वोटिंग हुई। नैनीताल के डीएसबी परिसर में कुल 5134 छात्र-छात्राओं में से 2802 छात्र-छात्राओं ने मतदान में हिस्सा लिया। रामनगर कॉलेज में कुल 4547 वोटों में से 2961 मत पड़े। लालबहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय हल्दूचौड़ में छात्र संघ चुनाव दो बजे संपन्न हो गया। 1091 छात्र संख्या में 889 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *