इमरान की पार्टी के नेता विधायक बलदेव कुमार ने भारत में मांगी शरण, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार से दुखी

नई दिल्ली I पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार से त्रस्त एक पूर्व विधायक बलदेव कुमार ने भारत से राजनीतिक शरण की मांग की है. खास बात ये है कि बलदेव सिंह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए इंसाफ (PTI) के नेता हैं और पाकिस्तान के खैबर पख्तून ख्वा प्रांत के बारीकोट आरक्षित सीट से विधायक रहे हैं.

बलदेव कुमार इस वक्त भारत के पंजाब राज्य के खन्ना में मौजूद हैं. बलदेव कुमार अपने परिवार समेत पाकिस्तान से जान बचाकर भारत आए हैं. उनका कहना है कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक दहशत के माहौल में रहने को मजबूर हैं. खैबर पख्तून ख्वा विधानसभा में अल्पसंख्यकों की आवाज बुलंद करने वाले बलदेव कुमार ने कहा कि इमरान खान से उन्हें बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उनके सत्ता में आने के बाद हालात और बिगड़े हैं और हिंदुओं, सिखों पर जुल्म बढ़ा है.

बलदेव कुमार ने कुछ महीने पहले अपने परिवार को पंजाब के लुधियाना में अपने रिश्तेदारों के पास खन्ना शहर भेज दिया था. 12 अगस्त को तीन महीने के वीजा पर खुद बलदेव कुमार भी यहां आ गए. लेकिन, अब वो वापस पाकिस्तान नहीं जाना चाहते हैं. बलदेव कुमार ने कहा कि अल्पसंख्यकों पर पाकिस्तान में अत्याचार हो रहे हैं. हिंदू और सिख नेताओं की हत्याएं की जा रही हैं, इसलिए वो जल्द ही भारत में शरण के लिए आवदेन करेंगे.

किराये के मकान में कट रही जिंदगी

बलदेव कुमार की शादी 2007 में पंजाब के खन्ना की रहने वाली भावना से हुई थी. शादी के समय वो पाकिस्तान में पार्षद थे और बाद में विधायक बने. बलदेव इन दिनों खन्ना के समराला मार्ग पर स्थित मॉडल टाउन में दो कमरों के किराये के मकान में अपने परिवार के साथ दिन गुजार रहे हैं. बलदेव की पत्नी भावना अभी भारतीय नागरिक है. बलदेव कुमार के दो बच्चे हैं. 11 साल की रिया और 10 साल का सैम. ये दोनों पाकिस्तानी नागरिक हैं. उनकी बेटी रिया थैलेसीमिया से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *