सुरक्षा एजेंसियों को आशंका, सीमा पर सख्ती के बावजूद कश्मीर में घुस चुके हैं आतंकी!

श्रीनगर नियंत्रण रेखा (LoC) के पार से कम से कम 40 आतंकवादी जम्मू और कश्मीर में घुसपैठ की फ़िराक़ में हैं. सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों ने इंडिया टुडे को ये जानकारी दी. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इन आतंकियों का इस्तेमाल विभिन्न जगहों पर हमले के लिए किया जा सकता है. जम्मू और कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा, ‘नियंत्रण रेखा पर कई जगह घुसपैठ की कोशिशें की गईं. उनमें से अधिकतर को नाकाम कर दिया गया. लेकिन हम ऐसी संभावनाओं पर भी गौर कर रहे हैं कि कुछ आतंकी शायद इस पार आ गए हों.’  

सुरक्षा एजेंसियों ने घुसपैठ को लेकर खुफिया इनपुट्स मिलने के बाद जम्मू और कश्मीर में चौकसी बढ़ा दी है. एजेंसियों को अंदेशा है कि ये घुसपैठिए उस पार से ट्रेनिंग मिलने के बाद अत्याधुनिक हथियारों से लैस हैं. सूत्रों ने बताया कि ‘हाल में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कई कोशिशों को नाकाम किया गया है. इसके बावजूद कुछ आतंकी घुसपैठ कर गए हो सकते हैं. सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं.’ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पार लॉन्च पैड्स के पास सैकड़ों आतंकियों का मूवमेंट देखा गया है. पाकिस्तान उन्हें इस पार भेजना चाहता है.  

पुलिस और अन्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हर घटनाक्रम पर बारीकी से नज़र रखने की कोशिश की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक घाटी में तनाव फैलाने की कोशिश की जा रही है. उस पार से उन्हें यहां गड़बड़ी फैलाने के निर्देश दिए गए हैं. एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हम जानते हैं कि वो कोशिश कर रहे हैं लेकिन जिस तरह की स्थिति यहां उभरी है, उसमें वो अब घाटी में पैर रखने की जगह नहीं ढूंढ पा रहे हैं.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *