हिंद महासागर में चीन ने बढ़ाई अपनी हलचल, नौसेना के जासूसी विमान की नजर से बच नहीं पाए उसके युद्धपोत

नई दिल्ली : ‘चालबाज’ चीन अपनी कुटिल चाल से बाज नहीं आ रहा है। लद्दाख में घुसपैठ की घटनाएं सामने आने के बाद अब वह समुद्र में भारतीय संप्रभुता को चुनौती देने की नाकाम कोशिश में है। दक्षिण हिंद महासागर क्षेत्र में उसकी ऐसी ही एक कोशिश पकड़ी गई है। भारतीय नौसेना के जासूसी विमान पी-8आई ने उसके युद्धपोत शियान-32 की तस्वीरें ली हैं। जासूसी विमान ने सितंबर के पहले सप्ताह में चीन के इस युद्धपोत की तस्वीरें लीं। इसके बाद यह चीनी युद्धपोत श्रीलंका के क्षेत्र वाले समुद्र में प्रवेश कर गया। नौसेना के जासूसी विमान ने चीन के एक अन्य युद्धपोत को अदन की खाड़ी में मौजूद होने का भी पता लगाया है। जासूसी विमान ने चीन के इस युद्धपोत की तस्वीरें उस समय लीं जब यह हिंद महासागर से गुजर रहा था।
बता दें कि सोमालियाई समुद्री डाकुओं से अपने कारोबारी जहाजों को बचाने एवं उनकी सुरक्षा के लिए चीन ने अदन की खाड़ी में अपने युद्धपोतों को तैनात किया है लेकिन उसका यह युद्धपोत भारतीय नौसेना के जासूसी विमान पी-8आई की नजर में उस समय आ गया जब वह हिंद महासागर से गुजर रहा था। भारत पर मनौवैज्ञानिक दबाव बढ़ाने के लिए चीन की तरफ से समय-समय पर ऐसी हरकतें की जाती रही हैं। उसकी कोशिश समुद्र के जरिए भारत को घेरने की है। उसकी इन कोशिशों को देखते हुए भारतीय नौसेना अलर्ट पर है और वह हिंद महासागर में उसकी गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *