IND vs SA T20I: मोहाली में बढ़त बनाने उतरेगा भारत, ऋषभ पंत पर दबाव

मोहाली I साउथ अफ्रीका के खिलाफ धर्मशाला में सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद भारतीय टीम बुधवार को मोहाली में जोर आजमाइश करेगी. तीन टी-20 मैचों की सीरीज का दूसरा मैच दोनों टीमों को लिए अहम है. यह मैच शाम सात बजे से खेला जाएगा. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए भी यह मुकाबला महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि पिछले कुछ मैचों में वह मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रहे हैं और उन पर बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव बढ़ता जा रहा है.

अगले साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में अब भी 12 महीने से अधिक का समय बाकी है, लेकिन कप्तान विराट कोहली पहले ही अपनी अपनी विस्तृत योजना बना चुके हैं और उन्होंने बता दिया है कि उन्हें टीम में शामिल युवाओं से क्या उम्मीदें हैं.

कप्तान ने साफ कर दिया है कि जब वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए उतरे थे, तो उन्होंने अधिक मौके मिलने की उम्मीद नहीं की थी और उनका मानना है कि मौजूदा युवा खिलाड़ियों को भी सीमित मौकों में खुद को साबित करना होगा.

इन खिलाड़ियों में 21 साल के पंत भी शामिल हैं, लेकिन फरवरी 2017 में पदार्पण के कारण वह पर्याप्त अनुभव हासिल कर चुके हैं. धर्मशाला में सीरीज के पहले मैच में मैदान पर एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, लेकिन मैदान के इतर की गतिविधियों में पंत केंद्र बिंदु रहे और टीम प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज अपनी गलतियों को लगातार नहीं दोहरा सकता और अगर ऐसा किया तो खामियाजा भुगतना होगा.

कोहली ने अब तक टीम में महेंद्र सिंह धोनी की वापसी का विकल्प खुला रखा है और ऐसे में पंत पर दबाव बढ़ रहा है कि वह अपनी प्रतिभा से न्याय करें. पंत के अलावा लेग स्पिनरों राहुल चाहर और वॉशिंगटन सुंदर पर भी दबाव होगा. इन दोनों गेंदबाजों को लगातार दूसरी सीरीज में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी पर तरजीह दी गई है.

विश्व कप से पहले भारत को 20 से कुछ अधिक मैच खेलने हैं और ऐसे में टीम चाहती है कि उसकी बल्लेबाजी मजबूत हो. इसके लिए आठवें, नौवें और 10वें नंबर के बल्लेबाजों को नियमित तौर पर अधिक रन बनाने होंगे, जो कभी भारत का मजबूत पक्ष नहीं रहा.

लंबे बल्लेबाजी क्रम का क्या विकेट चटकाने की भारत की क्षमता पर असर पड़ेगा, इसका जवाब भी हमें आने वाले समय में ही मिलेगा. इसके अलावा श्रेयस अय्यर और मनीष पांडे के लिए भी यह सीरीज काफी महत्वपूर्ण है जिन्हें मध्यक्रम को मजबूत करने के लिए टीम में शामिल किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *