नई दिल्ली I पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पीएम आवास पहुंची. इस दौरान सीएम ममता ने पीएम मोदी को मिठाई और कुर्ता दिया. दरअसल, एक दिन पहले ही पीएम मोदी का जन्मदिन था और ममता बनर्जी ने ट्वीट के जरिए पीएम मोदी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी थी.
ममता बनर्जी ने पीएम मोदी से मुलाकात के लिए समय मांगा था. ममता 20 सितंबर तक दिल्ली में हैं. पहले दोनों नेताओं की ये मुलाकात मंगलवार को होने वाली थी. पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले एक इंटरव्यू में राजनीतिक लोगों से अपने रिश्तों के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि ममता दीदी साल में आज भी मेरे लिए एक-दो कुर्ते भेजती हैं. और आज ममता खुद पीएम मोदी के लिए कुर्ता लेकर उनसे मिलने पहुंचीं.
ममता बनर्जी इससे पहले कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने से बचती रही हैं. मई में दूसरी बार चुनाव जीतने के बाद नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में ममता ने हिस्सा नहीं लिया था. इसके बाद जून में नीति आयोग की बैठक में ममता ने हिस्सा नहीं लिया.

