ट्रंप के सामने मोदी ने पाकिस्तान को धो डाला, पढ़ें आतंकवाद पर पीएम के कड़े बयान

ह्यूस्टन I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अमेरिका के ह्यूस्टन में संपन्न ‘हाउडी मोदी’ समारोह में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का नाम लिए बिना जमकर हमला बोला. उन्होंने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भारत के फैसलों से ऐसे लोगों को भी दिक्कत हो रही है जिनसे अपना देश नहीं संभल रहा है.

पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत अपने यहां जो भी कर रहा है, उससे कुछ ऐसे लोगों को भी दिक्कत हो रही है, जिनसे खुद अपना देश नहीं संभल रहा है. ऐसे लोगों ने भारत के प्रति नफरत को ही अपनी राजनीति का केंद्र बिन्दु बना लिया है.’

उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ये वो लोग हैं जो अशांति चाहते हैं, आतंक के समर्थक हैं और आतंक को पालते-पोसते हैं. उनकी पहचान सिर्फ आप ही नहीं, पूरी दुनिया अच्छे से जानती है. अमेरिका में 9/11 हो या मुंबई में 26/11 हो उसके साजिशकर्ता कहां पाए जाते हैं? अब समय आ गया है कि आतंकवाद और उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए.’

साथ ही उन्होंने कहा कि मैं यहां पर जोर देकर कहना चाहूंगा कि आतंक के खिलाफ लड़ाई में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी मजबूती के साथ खड़े हुए हैं. इस दौरान पीएम मोदी हाल ही में जम्मू एवं कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाने का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘देश के सामने 70 साल से एक चुनौती थी, जिसे कुछ दिन पहले भारत ने इसे ‘फेयरवेल’ दे दिया है. ये विषय है अनुच्छेद 370 का.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *