बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे के घर से विदेशी गन्स, 4 हजार से ज्यादा कारतूस बरामद

नई दिल्ली I उत्तर प्रदेश पुलिस ने बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के दिल्ली के वसंत कुंज स्थित घर पर छापेमारी की और 4,431 कारतूस समेत भारी मात्रा में करोड़ों के हथियार बरामद किए हैं.

हाल ही में अब्बास अंसारी पर एक लाइसेंस पर ज्यादा हथियार खरीदने के आरोप में केस दर्ज किया गया था. यह मामला यूपी पुलिस ने महानगर कोतवाली में दर्ज किया था.

क्या-क्या मिला?

लखनऊ क्राइम ब्रांच और दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के वसंत कुंज स्थित अब्बास अंसारी के बंगले पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस को इटली, ऑस्ट्रिया, स्लोवेनिया की रिवाल्वर, बन्दूक और कारतूस मिले. यही नहीं, वहां से इटली और स्लोवेनिया से खरीदी गई डबल बैरल और सिंगल बैरल बंदूक भी बरामद की गई.

बता दें कि 12 अक्टूबर को लखनऊ में अब्बास अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी. एक ही हथियार के लाइसेंस पर 5 असलहे खरीदने का मुकदमा दर्ज हुआ था. साथ ही फर्जी तरीके से आर्म्स लाइसेंस को दिल्ली ट्रांसफर कराने का भी मुकदमा दर्ज हुआ था.

बता दें कि पुलिस को छापेमारी में इटली की बेरेटा गन से लेकर ऑस्ट्रिया की ग्लाक-25 पिस्टल के बैरल तक मिले. अब्बास के पास से बरामद असलहों में इटली से आयातित .12 बोर की डबल बैरल और सिंगल बैरल बेरेटा बंदूक के साथ ही ऑस्ट्रिया की ग्लॉक-25 पिस्टल के बैरल और स्लाइड समेत तमाम असलहे मिले हैं.

इसके अलावा लखनऊ की इंडियन आर्म्स कॉर्प से खरीदी गई .300 बोर की मैगनम रायफल, दिल्ली के राजधानी ट्रेडर्स से खरीदी .12 बोर की डबल बैरल बेरेटा गन और मेरठ के शक्ति शस्त्रागार से यूएसए की .357 बोर की रगर जीपी 100 रिवाल्वर भी उसके पास से मिलीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *