सिरसा: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रचार का आखिरी दिन है। 21 अक्टूबर को यहां 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिरसा के ऐलनाबाद में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर कांग्रेस रही। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस और उसके कल्चर से जुड़े दलों ने हिंदुस्तानियों की आस्था, परंपरा और संस्कृति को कभी मान नहीं दिया। कांग्रेस की जो अप्रोच हमारे पवित्र स्थानों के साथ रही, वही अप्रोच जम्मू-कश्मीर के साथ भी रही। 70 साल तक समस्याओं में उलझाते रहे, समाधान के लिए ईमानदार कोशिश नहीं की।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे गुरु के पवित्र स्थान, करतारपुर साहिब और हम सभी के बीच की दूरी अब समाप्त होने वाली है। आजादी के 7 दशक के बाद ये अवसर आया है। 70 साल बीत गए। इससे बड़ा दुर्भाग्य भला क्या हो सकता है कि हमारी आस्था के एक बड़े केंद्र को हमें 7 दशक तक दूरबीन से देखना पड़ा। जो 1947 में बंटवारे की रेखा खींचने के लिए जिम्मेदार थे, क्या उनको ये ख्याल नहीं था कि सिर्फ 4 किमी के फासले से भक्तों को गुरु से अलग नहीं किया जाना चाहिए। इसके बाद भी 70 सालों में क्या इस दूरी को मिटाने के प्रयास कांग्रेस को नहीं करने चाहिए थे?’

