ट्रक चालक ने सुरक्षा बलों को नहीं दी थी अंदरुनी हिस्सों में जाने की जानकारी
अधिकारियों का कहना है कि ट्रक चालक बिना सुरक्षा बलों को जानकारी दिए हुए अंदरुनी हिस्सों में गए थे. यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. उन्होंने बताया कि दो ट्रक चालकों के शवों को बरामद कर लिया गया है जबकि एक घायल ट्रक चालक को श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आतंकवादियों ने ट्रकों पर की थी गोलीबारी
पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने बताया कि शाम को शोपियां के चित्रगाम में आतंकवादियों ने ट्रकों पर गोलीबारी की जिसमें तीन चालक घायल हो गए. उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में पंजीकृत ट्रकों को रोका और उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. इससे बचने के लिए ट्रक चालकों ने भागने की नाकाम कोशिश की. आतंकवादियों ने दो ट्रकों को भी आग के हवाले कर दिया.
घेराबंदी कर दोषियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है पुलिस
दिलबाग सिंह ने बताया कि एक मृतक ट्रक चालक की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी मोहम्मद इलियास के तौर पर की गई है. घायल चालक का नाम जीवन है जो पंजाब के होशियारपुर का रहने वाला है. तीसरे व्यक्ति की पहचान की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि पुलिस इलाके की घेराबंदी कर दोषियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है.

