नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता आज चंडीगढ़ में राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मिले और हरियाणा में सरकार बनाने का दावा पेश किया। मनोहर लाल खट्टर दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। वो कल यानी रविवार को दिवाली के दिन मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। वहीं जेजेपी के दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल से मिलने के बाद खट्टर ने कहा, ‘हमने हरियाणा में सरकार बनाने का दावा किया है। राज्यपाल ने हमारे प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और हमें आमंत्रित किया है। मैंने अपना त्यागपत्र दे दिया है जिसे स्वीकार कर लिया गया है। कल दोपहर 2:15 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। दुष्यंत चौटाला डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे।’
इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। चंडीगढ़ में बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी हिस्सा लिया। इसमें ही मनोहर लाल खट्टर को नेता चुना गया।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘हम राज्यपाल से मिलने जाएंगे, और उनसे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का अनुरोध करेंगे।’

