वीवीएस लक्ष्मण ने टीम इंडिया को दिए खतरे के संकेत, बांग्लादेशी टीम पर दिया ये बयान

मुंबई: टीम इंडिया इस समय जबरदस्त लय में दिख रही है। विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम ने पिछले कुछ समय से लगातार देश-विदेश में धमाकेदार अंदाज में अपना दम दिखाया है। अपने घर में दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट सीरीज में रौंदने के बाद अब भारतीय टीम रोहित शर्मा की अगुवाई में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए कमर कस चुकी है। विराट कोहली को आराम दिया गया है लेकिन इसके बावजूद घर में भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है। जबकि टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण ने एक ऐसा बयान दिया है जिसे सुनकर बांग्लादेश की टीम को थोड़ी हिम्मत मिलेगी और भारतीय टीम को संभलकर खेलने की नसीहत। 

दरअसल, वीवीएस लक्ष्मण ने कहा है कि बांग्लादेश के पास अपनी बल्लेबाजी में गहराई की बदौलत रविवार से शुरू होने वाली टी20 सीरीज में मजबूत भारत को उसकी सरजमीं पर हराने का बढ़िया मौका है। लक्ष्मण ने कहा, ‘बांग्लादेश के लिये यह भारत को उसकी सरजमीं पर हराने का सर्वश्रेष्ठ मौका है क्योंकि उनका बल्लेबाजी लाइन-अप काफी मजबूत है। हालांकि उनके गेंदबाजी विभाग में दबाव सबसे ज्यादा मुस्तफिजुर रहमान पर होगा क्योंकि टीम में स्पिनरों की तुलना में तेज गेंदबाजी लाइन-अप थोड़ा अनुभवहीन लगता है।’

इन खिलाड़ियों पर नजरें

उन्होंने आगे कहा, ‘मुस्तफिजुर को अहम भूमिका निभानी होगी और नई गेंद से जल्दी विकेट चटकाने होंगे। टीम में क्योंकि विराट कोहली नहीं है तो मध्यक्रम में थोड़ा अनुभव कम होगा।’ लक्ष्मण के मुताबिक टीम इंडिया में अब समय युवाओं के लिये जिम्मेदारी निभाकर मैच जीतने के बाद भारत के लिये सीरीज जीतने का है। उन्होंने कहा, ‘वाशिंगटन सुंदर और युजवेंद्र चहल भारत के गेंदबाजी विभाग के लिये अहम होंगे क्योंकि जहां मैच खेले जाने हैं वे स्थल स्पिनरों के मुफीद हैं। इस गेंदबाजी लाइन अप में इतना अनुभव नहीं है इसलिये मुझे लगता है कि युजवेंद्र चहल सभी तीनों मैचों में खेलेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि अन्य युवा खिलाड़ियों जैसे कृणाल पंड्या के लिये भी कठिन ओवर में बेहतर करके मैच जीतने का यह अच्छा मौका होगा।’
कैसा रहेगा नतीजा? ये है लक्ष्मण की भविष्यवाणी
लक्ष्मण ने सीरीज में नतीजे के बारे में कहा, ‘मुझे लगता है कि यह 2-1 से भारत के पक्ष में होगा। रोहित शर्मा और लोकेश राहुल अच्छी फार्म में हैं और शिखर धवन भी खुद को स्थापित करने में लगे हैं इसलिये मैं इस श्रृंखला को जीतने के लिये भारतीय बल्लेबाजी का समर्थन कर रहा हूं।’ सीरीज का शुरूआती मैच नई दिल्ली में खेला जायेगा जिसके बाद राजकोट में सात नवंबर को और नागपुर में 11 नवंबर को मैच होंगे। टी20 श्रृंखला के बाद दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला होगी जिसमें ईडन गार्डन्स में मेजबान भारत 22 नवंबर से गुलाबी गेंद से एतिहासिक दिन-रात्रि मैच खेलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *