एनएसए अजीत डोभाल को गढ़वाल विवि देगा मानद उपाधि, इस दिन होगा दीक्षा समारोह

देहरादून। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षा समारोह में देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को मानद उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। विश्वविद्यालय की कार्य परिषद (ईसी) ने इसका अनुमोदन कर दिया है। एक दिसंबर को श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित भव्य दीक्षा समारोह में डोभाल को डॉक्टरेट की उपाधि से नवाजा जाएगा। गढ़वाल विवि का सातवां दीक्षा समारोह (केंद्रीय विवि बनने के बाद दूसरा) स्वामी मनमंथन प्रेक्षागृह में आयोजित होगा। मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। विवि की कुलपति ने बताया कि दीक्षा समारोह में किसी भी प्रकार से प्लास्टिक की सामग्री प्रयोग नहीं होगी। 

अंगवस्त्र और बैग होगा खादी का 

विवि की कार्य परिषद की बैठक में उपाधि लेने वाले छात्र-छात्राएं खादी के परिधान धारण करेंगे। कुलपति ने बताया कि यूजीसी ने दीक्षा समारोह में खादी ड्रेस कोड लागू किया है, लेकिन वर्तमान में इतना समय नहीं रह गया है कि ऑर्डिनेंस में बदलाव कर दीक्षा समारोह का ड्रेस कोड बदला जाए। गाउन पूर्व की भांति रहेगा, लेकिन अंगवस्त्र और बैग आदि सामग्री खादी की होगी। अगली बार से दीक्षांत समारोह का ड्रेस कोड बदल दिया जाएगा। 
उत्तराखंड के गौरव हैं अजीत डोभाल 

अजित डोभाल का जन्म 1945 में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के घिड़ी गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अजमेर के मिलिट्री स्कूल से पूरी की थी, इसके बाद उन्होंने आगरा विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए किया व पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद वे आइपीएस की तैयारी में लग गए। कड़ी मेहनत के बल पर वह केरल कैडर से 1968 में आइपीएस के लिए चुन लिए गए। अजीत डोभाल 2005 में इंटेलिजेंस ब्यूरो यानि आइबी के चीफ के पद से रिटायर हुए हैं।

वह सक्रिय रूप से मिजोरम, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में उग्रवाद विरोधी अभियानों में शामिल रहे हैं। अजीत डोभाल 30 मई 2014 से भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं। डोभाल भारत के पांचवें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं। इससे पहले शिवशंकर मेनन भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *