महाराष्ट्र: अजित पवार की चिट्ठी पर भरोसा कर जुआ तो नहीं खेल गई BJP? चंद विधायकों का साथ

नई दिल्ली I महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को जो कुछ हुआ वो अप्रत्याशित था. सुबह खबर आई कि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले रहे हैं. कुछ ही देर बाद फडणवीस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अजित पवार के साथ शपथ ले ली. लेकिन इस शपथ ग्रहण के बाद राज्य की राजनीति तेज हो गई. सरकार बनाने की कवायद में जुटी शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी इस घटना के बाद पूरी तरह से हरकत में आ गई और रात होते-होते शरद पवार की ओर से इन दलों को आश्वस्त किया गया कि सब कंट्रोल में है.

अगर एनसीपी प्रमुख शरद पवार दावा करते हैं कि सब ठीक है तो ऐसे में माना जाए कि लगातार दूसरी बार सरकार बनाने के चक्कर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कहीं भंवर में तो नहीं फंस गई. अजित पवार के साथ फडणवीस के शपथ ग्रहण के बाद एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा था कि राज्य में नवनियुक्त सरकार का एनसीपी समर्थन नहीं करती है. यहां तक कि शरद पवार ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन विधायकों को भी पेश किया जो अजित पवार के साथ शपथ ग्रहण के दौरान मौजूद थे.

चिट्ठी के दम पर खेला गया खेल

एनसीपी चीफ शरद पवार की ओर से आरोप लगाया गया कि अजित पवार ने एक चिट्ठी के बल पर पूरा खेल रचा. पार्टी के विधायक दल के नेता के रूप में अजित पवार के पास सभी पार्टी विधायकों के हस्ताक्षर थे और वह यही चिट्ठी लेकर राज्यपाल के पास चले गए. इसी चिट्ठी को अजित पवार ने विधायकों के समर्थन के रूप में पेश किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *