नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पीएम की छाती 65 इंच की होगी 56 इंच की नहीं, जैसा कि लोग कहते हैं। झारखंड में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि लोग कहते हैं कि 56 इंच का सीना है पीएम का, लेकिन मैं कहता हूं कि मापने में गड़बड़ी हो गई होगी वो 56 की बजाए शायद 65 इंच का होगा।
सिंह ने अनुच्छेद 370 को रद्द किए जाने के लिए अपनी सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘जब हमें संसद में बहुमत मिला, तो बिना किसी देरी के हमने जम्मू और कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया। अब भारत में दो संविधान नहीं होंगे।’
उन्होंने कहा कि अब जम्मू-कश्मीर का अलग झंडा नहीं होगा।इस देश में केवल एक प्रधानमंत्री होगा।
जैसे ही भीड़ ने जय श्री राम के नारे लगाने शुरू किए रक्षा मंत्री ने कहा कि अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा, अब इसके निर्माण के लिए मंजूरी दे दी गई है, दुनिया की कोई भी शक्ति इसे रोक नहीं सकती है।
झारखंड में अपनी सभाओं को लेकर राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘झारखंड में दो विधानसभा क्षेत्रों में (विश्रामपुर एवं भवनाथपुर) जनसभाओं को संबोधित किया। प्रदेश के इतिहास में श्री रघुबर दास के रूप में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने 5 साल सरकार चलाई है। इस राजनीतिक स्थिरता से प्रदेश ने विकास और सुशासन की नई बुलंदियों को छूने में सफलता पाई है।’
राज्य में 30 नवंबर से पांच चरणों में मतदान होंगे। 30 नवंबर को पहले चरण का मतदान होगा, इसके बाद 6 दिसंबर को दूसरे और तीसरे चरण का मतदान 12 दिसंबर को होगा। चौथे और अंतिम चरण के मतदान क्रमशः 16 और 20 दिसंबर को होंगे। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे।

