उद्धव सरकार के फ्लोर टेस्ट से पहले फंसा पेच, कांग्रेस ने भी मांगा डिप्टी CM पद

मुंबई I महाराष्ट्र में उद्धव सरकार की आज पहली परीक्षा है. महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव सरकार के बहुमत परीक्षण से पहले कांग्रेस ने पेच फंसा दिया है. कांग्रेस ने ऐन मौके पर डिप्टी सीएम की मांग की है, कांग्रेस चाहती है कि राज्य में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अलावा उनकी पार्टी का भी डिप्टी सीएम हो.

बहुमत परीक्षण से पहले शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे विधानभवन में शिवसेना-कांग्रेस और एनसीपी विधायकों की बैठक होगी. जिसमें स्पीकर पद पर चर्चा की जाएगी. बैठक में कांग्रेस आज स्पीकर उम्मीदवार का नाम सुझाएगी. दरअसल, दोपहर 12 बजे तक स्पीकर पद के लिए नामांकन किया जाना है, कल यानी रविवार को स्पीकर का चुनाव होगा.

सूत्रों के मुताबिक डिप्टी सीएम और स्पीकर को लेकर कांग्रेस और एनसीपी में रस्साकशी है. कांग्रेस-एनसीपी दोनों ही पार्टियां स्पीकर का पद नहीं छोड़ना चाहती थीं. कांग्रेस ने NCP के सामने स्पीकर की पोस्ट छोड़ने के बदले दो डिप्टी सीएम के पदों का रखा प्रस्ताव. सूत्रों के मुताबिक एनसीपी इस प्रस्ताव पर राजी नहीं है.

महाराष्ट्र में जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द ही होगा. कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल होने की उम्मीद है. राज्य में कांग्रेस के पास कुल 44 विधायक हैं, जिनमें से 12 विधायकों को मंत्री पद मिलना है. कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं बाला साहेब थोराट और नितिन राउत ने गुरुवार शाम ठाकरे के साथ शपथ ग्रहण कर लिया है. अब 10 अन्य विधायकों को मंत्री पद दिया जाना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *