जिस जगह हुआ था महिला डॉक्टर का गैंगरेप और मर्डर, वहीं मिली एक और महिला की जली लाश

हैदराबाद: हैदराबाद में महिला डॉक्टर से दरिंदगी का मामला अभी थमा भी नहीं था कि एक ऐसा ही मामला फिर सामने आया है। जिस जगह पर महिला डॉक्टर के साथ गैंगरेप होने के बाद उन्हें जिंदा जलाया गया था वहीं से एक और महिला का जला हुआ शव मिला है। दूसरा शव मिलने के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
एक और जली हुई लाश मिलने के बारे में साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनर बताया, ‘शमशाबाद के बाहरी इलाके में शव मिला है। शव को सरकारी अस्पताल में अटॉप्सी के लिए भेजा जा रहा है और मामला दर्ज किया जा रहा है।’ खबरों के मुताबिक महिला की उम्र 35 साल के तकरीबन बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आपको बता दें कि हैदराबाद के सरकारी अस्पताल में सहायक महिला पशुचिकित्सक जब बुधवार की रात हैदराबाद में अपने घर लौट रही थीं तभी कुछ लोगों ने उन्हें कथित रूप से अगवा कर लिया। गुरुवार को  उनका शव जली हुई अवस्था में मिला। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने महिला डॉक्टर के खिलाफ साजिश रचकर उसका गैंगरेप किया और फिर महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और केरोसीन छिड़कर आग लगा दी।
आपको बता दें कि महिला डॉक्टर रात को जब अपने घर लौट रही थी तो उसकी स्कूटी का टायर पंक्चर हो गया था। इस दौरान जिस शख्स ने मदद की पेशकश देकर उसकी स्कूटी ठीक करने को कहा तो उसके आस-पास के लोग भी साथ आ गए। इस दौरान पीड़िता ने अपनी बहन को फोन कर कहा कि उसे डर लग रहा है। बहन ने पीड़िता को सलाह दी कि वह टोल प्लाजा पर ही रहे। उसके कुछ देर बाद डॉक्टर का फोन बंद हो गया और अगले दिन उसकी अधजली लाश मिली।
पीड़िता परिवार ने इस मामले को लेकर पुलिस के रवैये पर नाराजगी भी जताई है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उनकी बेटी को लेकर बेवजह के सवाल किए और उनका काफी समय भी बर्बाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *