नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी का संन्यास का सवाल हर भारतीय क्रिकेट प्रशंसक के सामने यक्ष प्रश्न की तरह खड़ा है। किसी के पास भी इस प्रश्न का कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। खुद धोनी भी इसका जवाब लगातार टालते रहे हैं। हाल ही में मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान धोनी का सामना संन्यास के सवाल से हुआ तो उन्होंने कहा कि जनवरी तक मत पूछो। वहीं टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने भी हाल ही में कहा था कि आईपीएल 2020 में धोनी के भविष्य की तस्वीर साफ हो जाएगी।
ऐसे में धोनी के बारे में शास्त्री द्वारा दिए गए बयान के बारे में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि धोनी के भविष्य के बारे में फैसला करने के लिए पर्याप्त समय है। सबकुछ आने वाले कुछ महीने साफ हो जाएगा। गांगुली ने कहा, हम देखेंगे कि क्या होता है। निश्चित तौर पर हमारे पास पर्याप्त समय है। तकरीबन 3 महीने में सबकुछ साफ हो जाएगा।’
विश्व कप 2019 के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के बाद से धोनी मैदान से दूर हैं। वो लगातार अपने संन्यास के बारे में बात करने से इनकार कर रहे हैं। लेकिन गांगुली ने कहा कि टीम मैनेजमेंट का नजरिया धोनी के भविष्य को लेकर बिलकुल स्पष्ट है। उन्होंने कहा, इस मामले में सबकुछ स्पष्ट है लेकिन हर बात सार्वजनिक मंच पर नहीं कही जा सकती। धोनी के क्रिकेट भविष्य को लेकर हर बात साफ हो चुकी है आपको कुछ समय में इस बारे में जानकारी मिल जाएगी।
उन्होंने कहा, इस बारे मे बोर्ड, धोनी और चयनकर्ताओं के बीच पूरी पारदर्शिता है। जब इस तरह किसी बड़े खिलाड़ी से डील करते हैं तब आपको बहुत सी बातें छिपानी होती हैं। धोनी भारत के एक शानदार खिलाड़ी रहे हैं। हर किसी को इस बारे में सबकुछ पता है।’

