पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का बड़ा एलान, रात में पुलिस छोड़ेगी महिलाओं को घर

नई दिल्लीः देश की बेटियों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं. हैदराबाद में वेटनरी डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता के बाद से आम लोग और सांसद सब एक सुर में रेपिस्ट के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं. इसी बीच अलग-अलग राज्यों के प्रशासन बेटियों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग एलान भी कर रहे हैं. अब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रदेश की महिलाओं के लिए बड़ा एलान किया है.

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने महिलाओं के लिए पुलिस की मुफ्त मदद का एलान करते हुए कहा है कि अगर कोई महिला रात के 9 बजे से सुबह के 6 बजे के बीच कहीं फंस जाती है तो वो पुलिस को कॉल करें और पुलिस उन्हें सुरक्षापूर्वक घर छोड़ कर आएंगी. इसके तहत एक फैसिलिटी का एलान किया गया है जिसके जरिए राज्यभर की महिलाएं 100, 112 और 181 नंबर पर कॉल कर सकती हैं और इसके जरिए वो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) से जुड़ सकती हैं.

हैदराबाद में महिला डॉक्टर से गैंगरेप के बाद हत्या की घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं. अब महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहीं एप लांच किए जा रहे हैं तो कहीं विशेष दिशा निर्देश पर बात हो रही है तो कहीं हेल्पलाइन का विस्तार किया जा रहा है.

कल ही खबर आई थी कि लुधियाना पुलिस ने एक नई पहल के साथ महिलाओं को सुरक्षा देने का बीड़ा उठाया है. रविवार को लुधियाना पुलिस ने मुफ्त यात्रा सेवा की शुरुआत की. इस योजना के तहत कोई भी अकेली महिला गाड़ी ना मिलने पर गंतव्य स्थान तक जाने के लिए फ्री सेवा के लिए कॉल कर सकती है. महिलाएं अब पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर गाड़ी मंगवा सकती हैं. फोन के चंद मिनट बाद ही कंट्रोल रूम या पुलिस की वैन या एसएचओ की गाड़ी उसकी सेवा में पहुंच जाएगी. और उसे सुरक्षित गंतव्य स्थान तक पहुंचाएगी. इसके लिए महिलाओं को कोई फीस नहीं देनी होगी. गाड़ी की फ्री सुविधा हर दिन 10 बजे रात से लेकर सुबह 6 बजे तक रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *