नागरिकता संशोधन बिल: दिल्ली में रह रहे पाकिस्तानी हिंदुओं ने कहा- ‘अब हम पक्षियों की तरह उड़ सकेंगे’

नई दिल्ली: राज्यसभा से नागरिकता (संशोधन) बिल पारित होते ही दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में वर्षों से रहे पाकिस्तानी हिंदुओं की बस्ती में उत्सव का माहौल हो गया. उन्होंने अपनी खुशी का इजहार पटाखें जलाकर, सीटी और ताली बजाकर किया. बच्चों ने अपनी खुशी तिरंगे के साथ पटाखे जलाकर प्रकट की और ‘‘भारत माता की जय’’ और ‘‘जय हिंद’’ के नारे लगाए. वहीं, बड़े बुजुर्गों ने एक दूसरे को बधाई दी और मिठाइयां बांटी.

अब गर्व से कह सकते हैं कि हम भारतीय हैं- हिंदू परिवार
यहां रहने वाले एक परिवार ने संसद से बिल पारित होने के बाद अपनी बेटी का नाम ‘‘नागरिकता’’ रखा. बेटी की दादी मीरा दास ने से कहा कि बच्ची का जन्म सोमवार को हुआ था और परिवार ने उसका नाम ‘‘नागरिकता’’ रखने का फैसला किया जो राज्यसभा से अब पारित हो चुका है. मीरा ने भी लोकसभा में बिल के पारित होने की मन्नत मांगी थी और उस दिन उपवास रखा था. उन्होंने कहा, ‘‘ सुरक्षित पनाहगाह की तलाश में हम आठ साल पहले भारत आए थे. यह हमारा एकमात्र घर है लेकिन नागरिकता नहीं मिलने की वजह से हम दुखी थे. अब गर्व से कह सकते हैं कि हम भारतीय हैं और हम पक्षी की तरह उड़ सकते हैं.’’

भारत की शरण में आए थे 750 पाकिस्तानी हिंदू 
नागरिकता (संशोधन) बिल पर बुधवार को जब राज्यसभा में चर्चा चल रही थी उस समय दिल्ली में मौजूद पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी रेडियो से चिपके ध्यान से बहस सुन रहे थे जबकि कुछ फोन पर खबर देख रहे थे क्योंकि यह बिल भारत को आशियाना बनाने की उनकी इच्छा पर मुहर लगाने वाला था. मजनू का टीला इलाके में टेंट, बिना प्लास्टर की दीवार और टिन की चादरों से बनी छत के नीचे गुजर बसर कर रहे 750 पाकिस्तानी हिंदू पड़ोसी देश से शरण की आस में आए थे. कई अन्य रोहिणी सेक्टर नौ एवं ग्यारह, आदर्श नगर और सिग्नेचर ब्रीज के आसपास रह रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *