नई दिल्ली । नागरिकता संशोधन एक्ट को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन जारी है. वहीं देश की राजधानी दिल्ली में भी इसे लेकर लोग सड़कों पर उतरे हुए हैं. अब जामिया मिलिया इस्लामिया में छात्र इस एक्ट को लेकर विरोध कर रहे हैं.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी को अंजाम दिया तो वहीं पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. इधर, नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में तनाव की स्थिति को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात कर दिया गया है. इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई है.
अलीगढ़ में नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध और जुमे को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से खासी सतर्कता बरती जा रही है.
अलीगढ़ के एडीएम सिटी राकेश मालपाणी ने बताया, ‘इंटरनेट सेवा गुरुवार रात 12 बजे से ही बंद कर दी गई है. यह रोक शुक्रवार शाम पांच बजे तक रहेगी. इसके अलावा शहर को 25 सेक्टरों में बांटा गया है. दो पालियों में 25-25 मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं. तहसील स्तर पर एसडीएम व सीओ को सेक्टर बनाकर मजिस्ट्रेट तैनात करने के आदेश दिए गए हैं. हालांकि शांति मार्च निकालने के लिए जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है.’

