चमोली और उत्तरकाशी में कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है। उधर, पिथौरागढ़-घाट मोटर मार्ग दिल्ली बैंड के पास चट्टान गिरने से बंद हो गया है। एन एच से प्राप्त सूचना के अनुसार देर शाम तक खुलने की संभावना है। मुनस्यारी-थल मार्ग भी बर्फबारी के कारण मार्ग बंद है। धानाचूली में बर्फबारी के चलते लोहाघाट-देवीधुरा मोटर मार्ग बंद होने से रोडवेज की 3 बसें रास्ते में फंस गई हैं।
पहाड़ों की रानी मसूरी में शुक्रवार को मौसम में बदलाव हुआ है। तापमान में गिरावट आने से अचानक ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं, ठंड बढ़ने से अब बर्फबारी होने की संभावना भी बढ़ गई है।
गुरुवार से ही गढ़वाल और कुमाऊं में मौसम का मिजाज बिगड़ गया था। चमोली जिले में बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, औली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी होती रही जो कि आज भी जारी है। गैरसैंण में भी शुक्रवार सुबह से बर्फबारी हो रही है। भराड़ीसैंण में विधानसभा भवन एवं परिसर के आसपास करीब 6 फीट तक बर्फ पड़ी है। यहां पूरे क्षेत्र में चारों तरफ कोहरा छाया है।
मौसम विभाग ने आज भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया हुआ है। साथ ही प्रदेश में आज और कल कोल्ड डे कंडीशन भी हो सकती है।
चमोली-उत्तरकाशी में कई गांव बर्फ से ढके
आठ जिलों में आज स्कूल बंद
केदारनाथ में शुक्रवार को भी मंदिर परिसर समेत केदारपुरी में दो फीट तक नई बर्फ जम गई। यहां अधिकतम तापमान माइनस 7 दर्ज किया गया। द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ समेत चोपता, दुगलबिट्टा व जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है।
कुमाऊं में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त
अल्मोड़ा, पहाड़पानी, लोहाघाट और हल्द्वानी, पिथौरागढ़ और टनकपुर में देर रात से बारिश हो रही है। बर्फबारी के चलते मुनस्यारी थल मोटर मार्ग बंद हो गया है। मुनस्यारी के ऊंचाई वाले इलाकों के साथ ही बाजार और निचले इलाकों में भी बर्फबारी जारी है।

