नई दिल्ली: नागरिकता संशोधन कानून और दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में हुई घटना को लेकर आज विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि जामिया में पुलिस की कार्रवाई गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों की आवाज को दबा रही है.
सोनिया गांधी ने कहा, ”एक्ट की वजह से पूर्वोत्तर में जो स्थिति है वो राजधानी सहित पूरे देश में फैल रही है, ये एक बहुत ही गंभीर स्थिति है, हमें डर है कि यह आगे भी फैल सकता है. पुलिस ने जिस तरह से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के साथ व्यवहार किया उससे हम दुखी हैं.” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर और जामिया की हालत चिंताजनक है. विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है. विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की अपील की. वहीं सीपीएम नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि सरकार नागरिकता संशोधन कानून को वापस ले.

