चमोली जिले के गोपेश्वर में शनिवार की सुबह तापमान चार डिग्री रहा। जोशीमठ में दो डिग्री रहा। बदरीनाथ धाम में तापमान माइनस छह डिग्री, हेमकुंड में माइनस 13 डिग्री, सतोपंथ में माइनस 14 डिग्री, घाट विकास खंड के रामणी गांव में माइनस एक डिग्री, पोखरी के मोहनखाल क्षेत्र में एक डिग्री, लोहाजंग में एक डिग्री और पाणा-ईराणी माइनस दो डिग्री तापमान रहा।
रुद्रप्रयाग जिले में आज मौसम सुहावना रहा। यहां धूप खिली हुई है। जनपद में केदारनाथ के अलावा अन्य जगहों पर तापमान सामान्य है। टिहरी जिले सुबह से धूप खिली है। बड़कोट यमुनोत्री घाटी में सुबह से चटख धूप खिली हुई.है।
रुद्रपुर तराई में शनिवार को फिर लोग कोहरे से ठिठुरते रहे। तराई में कोहरे का प्रकोप जारी है। रुद्रपुर में घने कोहरे से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। बीते शुक्रवार को धूप ने लोगों को ठंड से हल्की राहत दी। लेकिन शनिवार की सुबह घने कोहरे ने सफेद चादर ओढ़ ली। सड़कों पर स्कूली बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल जाते दिखे। उधर, कोहरे का असर रेल व रोडवेज बसों पर भी पड़ा। नियत समय से देरी पर रेल व बसें पहुंची।
नववर्ष पर बारिश के आसार
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर से मौसम का मिजाज बदलेगा और पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक और दो जनवरी को बारिश होने के साथ ही 2200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
बर्फीले तूफान और रात को पड़ रहे पाले से ठंड में काफी इजाफा
शुक्रवार को मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री पहुंच गया, जबकि पिथौरागढ़ का न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरावट से मुनस्यारी में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो जा रहीं हैं।
शुक्रवार तड़के 4 बजे से पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, मिलम, रालम, छिपलाकेदार, नंदा देवी बेस कैंप, हीरामणि, नामिक ग्लेशियर के साथ ही हिमालयी क्षेत्र के विभिन्न इलाके बर्फीले तूफान की चपेट में रहे। मुनस्यारी नगर से पंचाचूली, हंसलिंग आदि चोटियों पर बर्फ उड़ते देखी गई। दोपहर करीब एक बजे बर्फीला तूफान थमा।
बर्फीले तूफान को देखते हुए उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनियां ने सुबह 6 बजे राजस्व पुलिस कर्मियों की आपात बैठक बुलाकर सभी को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। अन्य विभागों को भी सतर्क किया गया है। एसडीएम ने बताया कि उच्च हिमालयी इलाकों में आईटीबीपी की अग्रिम चौकियों में जवान तैनात हैं। तूफान से किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी नहीं है।

