दिल्ली चुनाव: अमित शाह के घर हुई मैराथन बैठक, जल्द हो सकता है BJP उम्मीदवारों के नाम का एलान

नई दिल्ली: पूरे देश की नज़र इस वक्त दिल्ली विधानसभा चुनाव पर है. दिल्ली में इस बार सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर है. इस चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के घर बीती रात मैराथन बैठक हुई है. सात घंटे चली इस बैठक में चुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई.

बैठक में शामिल रहे कौन-कौन से नेता
अमित शाह के घर पर हुई इस बैठक में बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल थे. वहीं इनके अलावा दिल्ली प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर के साथ श्याम जाजू, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी, वरिष्ठ नेता विजय गोयल, विजेंद्र गुप्ता और अनिल जैन भी मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि बीजेपी आज या कल अपने उम्मीदवारों का एलान कर सकती है.

सीएम उम्मीदवार के नाम का एलान चुनाव के बाद
वहीं, सूत्रों के मुताबिक बीजेपी अपने सीएम उम्मीदवार के नाम का एलान चुनाव के बाद करेगी. वहीं इस बार बीजेपी अपने चुनावी घोषणापत्र में कई बड़े वादे भी कर सकती है. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी अपने घोषणा पत्र में बिजली और पानी 5 गुना सस्ता मुहैया कराने का वादा कर सकती है. अगर ऐसा हुआ तो दिल्लीवासियों को एक लाख लीटर पानी मुफ्त दिया जाएगा और बिजली यूनिट में भी काफी छूट दी जाएगी.

8 फरवरी को होगी वोटिंग
गौरतलब है कि दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं. दिल्ली में 8 फरवरी को वोटिंग होगी और 11 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *