वे पार्टी के आठवें प्रदेश अध्यक्ष बनें हैं। बृहस्पतिवार को केंद्रीय पर्यवेक्षक अर्जुन राम मेघवाल ने भगत के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। उनके नाम की घोषणा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और भगत समर्थकों ने आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया। उनके समर्थन में खूब नारेबाजी भी की।
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भगत को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया और कार्यभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, संगठन महामंत्री अजय कुमार, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल व राज्यमंत्री डॉ. धनसिंह रावत समेत कई अन्य वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ देकर शुभकामनाएं दीं। बैठक में सांसद तीरथ सिंह रावत व अजय टम्टा नहीं पहुंचे। सरकार के भी दो ही मंत्रियों की मौजूदगी दिखी। प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल ज्यादातर दावेदार बैठक में उपस्थित रहे।
चुनाव की प्रक्रिया प्रदेश चुनाव अधिकारी बलवंत सिंह भौर्याल ने पूरी कराई। केंद्रीय पर्यवेक्षक अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक मात्र नामांकन बंशीधर भगत का आया। पांचों लोकसभा से दो-दो प्रांतीय परिषद सदस्यों ने भगत के नाम का प्रस्ताव किया। वे सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष चुने गए। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और प्रांतीय परिषद के सदस्यों के समक्ष उनके नाम की घोषणा की गई। इसके साथ ही भगत को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया, जो काफी देर तक चलता रहा।
ताजपोशी के बाद कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
बुधवार को कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने विधायक भगत को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की सूचना पर खुशी जताते हुए मिठाई बांटी और विधायक के पक्ष में नारेबाजी की।
अब उनकी ताजपोशी के बाद कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। उनका कहना है कि विधायक भगत पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें पार्टी संगठन की अच्छी समझ है। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने के बाद उनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत बनेगी।
जीवन परिचय
अब तक रहे प्रदेश अध्यक्ष
राष्ट्रीय परिषद के लिए चुने गए पांच सदस्य
केंद्रीय नेतृत्व ने जो दायित्व दिया है, उसे पूरी निष्ठा और कर्मठता के साथ निभाऊंगा। सबको साथ लेकर 2022 में भारी बहुमत के साथ पार्टी को जिताना और सरकार बनवाना मेरा मुख्य लक्ष्य रहेगा।
– बंशीधर भगत, नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
मैं बंशीधर भगत को प्रदेश अध्यक्ष बनने की बहुत शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूरी आशा है कि वे संगठन को और ऊंचे मुकाम पर ले जाएंगे। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव संगठन को मजबूती देगा।
– त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
पार्टी ने मुझे संगठन की जो जिम्मेदारी दी, उसे मैंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया। मैं केंद्रीय नेतृत्व का आभारी हूं। बंशीधर भगत को मेरी बहुत शुभकामनाएं। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव पार्टी के लिए लाभदायक होगा। मेरा पूरा सहयोग उन्हें मिलेगा।
– अजय भट्ट, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद

