भोपाल: बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को कथित रूप से संदिग्ध लिफाफे भेजने के आरोप में मध्य प्रदेश सरकार के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने शनिवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए उसे भोपाल लाया जा रहा है। ठाकुर ने सोमवार को मध्य प्रदेश पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्हें कुछ लिफाफे मिले थे जिनमें जहरीले केमिकल थे। पुलिस ने बीजेपी सांसद के आवास से 3 से 4 लिफाफे जब्त किए थे, जिनमें से कुछ में उर्दू में लिखे गए पत्र थे।
नांदेड़ के इटवारा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर प्रदीप काकड़े ने कहा कि अपनी जांच के दौरान, एमपी एटीएस ने पाया कि डॉ. सैय्यद अब्दुल रहमान खान (35), जो धनेगांव (नांदेड़ जिले में) में एक क्लिनिक चलाते हैं, उसने ठाकुर को इन संदिग्ध लिफाफों को भेजा था।

