हल्द्वानी: सीएए-एसआरसी और एनपीआर के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग और लखनऊ के घंटाघर की तर्ज पर हल्द्वानी में भी मुस्लिम महिलाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हाथाें में नारे लिखीं तफ्तियां लिए महिलाएं और बच्चे अपनी मांगों को पुरुजोर तरीके से उठा रहे हैं। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहीं प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि सरकार संविधान की प्रस्तावना के खिलाफ कार्य कर रही है। यह कदम देश के लोकतंत्र के लिए घातक है। हल्द्वानी के ताज चौराहे पर प्रदर्शन करने वाली महिलाें और बच्चों का धरना अनिश्चितकालीन होने वाला है।
सुबह दस बजे से ताज चौराहे पर जुटने लगीं महिलाएं
सुबह दस बजे से महिलाएं हल्द्वानी के ताज चौराहे पर जुटने लगीं हैं। दिन चढ़ने के साथ ही भीड़ में लगातार इजाफा हो रहा है। फिलहाल तकरीबन चार सौ महिलाएं धरना स्थल पर बैठी हैं। मौसम भी महिलाओं का साथ दे रहा है। धूप खिलने के कारण धरना स्थल पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि धरना फिलहाल शाम पांच बजे तक चलेगा। आगे की रणनीति उसके बाद तय होगी। प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक सीएए-एनआरसी और एनपीआर वापस नहीं हो जाता। महिलाओं का ये प्रदर्शन स्वत: स्फूर्त है।

