नई दिल्ली । दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा तेज है. वहीं दिल्ली में सरकार बनाने के इरादे से भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी काफी जोड़तोड़ में लगी हुई है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत आंतरिक सर्वे कराया है. बीजेपी को इस सर्वे में पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है. आंतरिक सर्वे में दिल्ली में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनती दिखाई दे रही है.
आईएएनएस के मुताबिक पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह सर्वे 20 जनवरी तक दिल्ली की सभी 70 सीटों पर बने माहौल के आधार पर हुआ है. अभी पार्टी मतदान होने से पहले भी एक और सर्वे कराकर सीटों पर संभावित जीत का अपडेट जानेगी. इस सर्वे के मुताबिक बीजेपी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में 40 सीटें मिल सकती है.
हालांकि, बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में यह दावा कर चुके हैं कि बीजेपी इस चुनाव में 47 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है. उन्होंने बीते 14 जनवरी को आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में कहा था कि पहले हमें 42 के आसपास सीटें मिलने की उम्मीद थी. मगर सीएए के नाम पर विपक्ष की ओर से कराई गए हिंसा के कारण पांच से सात सीटें पार्टी को ज्यादा मिल रहीं हैं. पार्टी की ओर से कराया गया आंतरिक सर्वे मनोज तिवारी के दावे के बिल्कुल करीब तो नहीं मगर आसपास जरूर नजर आ रहा है.

