अदनान को पद्मश्री देने पर भड़की कांग्रेस, कहा- PAK वायुसेना के अफसर के बेटे को सम्मान क्यों?

नई दिल्ली. कांग्रेस ने जाने माने गायक अदनान सामी को पद्मश्री दिए जाने पर सवाल उठाया है. पार्टी प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने रविवार को तंज कसते हुए कहा कि अब ‘भाजपा सरकार की चमचागिरी’ यह प्रतिष्ठित सम्मान दिए जाने का नया मानदंड बन गया है. उन्होंने यह सवाल भी किया कि ऐसा क्यों हुआ कि करगिल युद्ध में शामिल हुए सैनिक सनाउल्लाह को ‘घुसपैठिया’ घोषित कर दिया गया, जबकि उस सामी को पद्म सम्मान दिया जा रहा है जिसके पिता ने पाकिस्तानी वायुसेना में रहकर भारत के खिलाफ गोलाबारी की थी?

शेरगिल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि भारतीय सेना के वीर सिपाही और भारत माता के पुत्र मोहम्मद सनाउल्लाह जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ कारगिल की लड़ाई लड़ी, उनको एनआरसी के जरिए घुसपैठिया घोषित कर दिया गया. दूसरी तरफ, अदनान सामी को पद्म श्री से नवाज दिया गया जिनके पिता पाकिस्तानी वायुसेना में अफसर थे और जिन्होंने भारत के खिलाफ गोलाबारी की थी.

अफसर के बेटे को सम्मान क्यों?
उन्होंने सवाल किया कि पाक के खिलाफ लड़ने वाला भारत का सिपाही घुसपैठिया और पाक वायुसेना के अफसर के बेटे को सम्मान क्यों? क्या पद्मश्री के लिए समाज में योगदान जरुरी है या सरकार का गुणगान? क्या पद्मश्री के लिए नया मानदंड है कि करो सरकार की चमचागिरी, मिलेगा तुमको पद्मश्री? गौरतलब है कि कुछ साल पहले भारत की नागरिकता हासिल करने वाले सामी को इस साल पद्मश्री सम्मान देने की घोषणा की गई है. सामी पहले पाकिस्तानी नागरिक थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *