नई दिल्ली: जामिया नगर इलाके में गुरुवार को हुई गोलीबारी पर गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। गृह मंत्री ने कहा कि इस तरह की कोई घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दिल्ली पुलिस के कमिश्नर से बात की है। गृह मंत्री ने कहा कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि गोपाल नाम के एक युवक ने सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोली चला दी। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। इस घटना के बाद विपक्ष भाजपा पर हमलावर हो गया जिसके बाद अमित शाह ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
अमित शाह ने कहा, ‘जामिया इलाके में आज हुई फायरिंग की घटना पर मैंने दिल्ली पुलिस के कमिश्नर से बात की है और उन्हें इस मामले में सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया है। सरकार इस तरह की कोई घटना बर्दाश्त नहीं करेगी। इसे गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।’ अमित शाह के इस बयान के बाद केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने भी बयान दिया।

