न्‍यूजीलैंड और भारत के बीच चौथा टी20 मैच आज, अब बेंच स्‍ट्रेंथ को आजमाने की बारी

वेलिंगटन: सीरीज में विजयी बढ़त बनाने के बाद भारत शुक्रवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में बैंच स्ट्रैंथ को आजमा सकता है, लेकिन विराट कोहली की टीम मेजबान टीम के खिलाफ आत्ममुग्धता से बचना चाहेगी जिसे पिछले मैच में दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा। मोहम्मद शमी के बेहतरीन अंतिम ओवर और रोहित शर्मा की शानदार बल्लेबाजी से भारत ने बुधवार को न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की विजयी बढ़त बना ली। भारत ने न्यूजीलैंड की सरजमीं पर पहली बार टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीती।

दोनों टीमें गुरुवार को यात्रा करके हैमिल्टन से वेलिंगटन पहुंची और शनिवार को माउंट मॉनगनुई रवाना होंगी, जहां रविवार को अंतिम टी20 खेला जाएगा जिससे दोनों टीमों को नेट अभ्यास के लिए अधिक समय नहीं मिलेगा। पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज अधिक देखने को नहीं मिलती और भारत के पहले ही सीरीज जीतने के बाद दोनों टीमें इसी साल होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए बाकी बचे मैचों में सभी संयोजनों को आजमाना चाहेंगी।

भारतीय टीम के पास 5-0 के क्लीनस्वीप के साथ इतिहास रचने का मौका है। भारत हालांकि अगर प्रयोग करने का विकल्प चुनता है तो संजू सैमसन और ऋषभ पंत को मौका दिया जा सकता है। पंत को अंतिम एकादश में जगह मिलने की संभावना अधिक है, लेकिन उनका चयन इस पर निर्भर करेगा कि किस बल्लेबाज को बाहर किया जाता है और लोकेश राहुल विकेटकीपिंग जारी रखते हैं या नहीं।

शीर्ष तीन में रोहित शर्मा, राहुल और कोहली की टीम में जगह पक्की है जबकि श्रेयस अय्यर बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। मनीष पांडे और शिवम दुबे को और अधिक मौके दिए जाने की जरूरत है। शीर्ष चार में से किसी भी बल्लेबाज को अगले दो मैचों में आराम दिया जा सकता है। अगले दो मैचों में अगर एक-एक करके रोहित और कोहली को आराम दिया जाता है तो हैरानी नहीं होगी और इससे युवाओं को मौका मिलने का रास्ता साफ होगा।

गेंदबाजी विभाग में बदलाव की अधिक उम्मीद है। वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और नवदीप सैनी मौके का इंतजार कर रहे हैं। तीनों को हालांकि एक साथ मौका नहीं मिलेगा, लेकिन टीम प्रबंधन एक स्पिनर और एक तेज गेंदबाज को रोटेट कर सकता है। सुंदर ऑस्ट्रेलिया के बड़े मैदानों पर कोहली की नई गेंद की रणनीति का हिस्सा हैं और उन्हें अगले दो मैचों में खेलने का मौका मिल सकता है। शार्दुल ठाकुर की जगह सैनी को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *